सतना में लापरवाह ठेकेदारों पर सख्ती, शनिवार सुबह 10 बजे तक मांगे टर्मिनेशन नोटिस…

सतना नगर निगम की विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक में निगमायुक्त डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा ने निर्माण कार्यों में देरी और रखरखाव में लापरवाही को लेकर इंजीनियरों और ठेकेदारों पर सख्ती दिखाई। उन्होंने डीएलपी अवधि में काम का उचित रखरखाव नहीं करने वाले ठेकेदारों को टर्मिनेशन नोटिस देने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यपालन यंत्री मुकेश चतुर्वेदी को लापरवाही के मामले में शो-कॉज नोटिस जारी करने को कहा।
शनिवार सुबह 10 बजे तक नोटिस देने के निर्देश…शुक्रवार को दोपहर 3 बजे से शाम 6:30 बजे तक चली बैठक में निगमायुक्त ने निर्देश दिए कि डीएलपी अवधि में रखरखाव में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों के टर्मिनेशन नोटिस शनिवार सुबह 10 बजे तक तैयार कर उनकी टेबल पर रखे जाएं। उन्होंने इंजीनियरों को फाइलों तक सीमित रहने के बजाय मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्यों का निरीक्षण करने को कहा।
ठेकेदारों से कार्यों की प्रगति के फोटो भी मांगे गए हैं। निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि काम पूरा होने का प्रमाण मिलने के बाद ही भुगतान की फाइल आगे बढ़ाई जाएगी। इंजीनियरों को मौके पर सर्वे कर वास्तविक स्थिति की रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए।
10 किलोमीटर क्षेत्र में विकास कार्यों की योजना…बैठक में बताया गया कि शहर में करीब 36 स्थानों पर काम पूरे हो चुके हैं, जबकि लगभग 10 किलोमीटर क्षेत्र में विकास कार्य प्रस्तावित हैं। राजहर तालाब के पास 7 से 8 एकड़ में नमो हरिवन और द्वारका नगरी परियोजना की योजना है। डीएमएफ फंड से 4 करोड़ रुपये की लागत से सड़कों का निर्माण कराया जाएगा।
सिटी कोतवाली से प्रेम नगर अंडरब्रिज तक जलभराव की समस्या दूर करने के लिए 1.56 करोड़ रुपये की लागत से नाला बनाया जाएगा। वहीं, स्मार्ट सिटी से नगर निगम को हस्तांतरित 35 हजार स्ट्रीट लाइटों के संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी भी अब निगम संभालेगा।
पुराना बस स्टैंड नए आईएसबीटी में होगा शिफ्ट…शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए पुराने बस स्टैंड को उटैली स्थित नए आईएसबीटी में शिफ्ट करने की योजना पर चर्चा हुई। इसके अलावा सर्किट हाउस चौराहे से रीवा रोड फ्लाईओवर तक पार्किंग बनाने का प्रस्ताव भी रखा गया।
बैठक में महापौर योगेश ताम्रकार, परिषद अध्यक्ष राजेश चतुर्वेदी, नेता प्रतिपक्ष मिथलेश सिंह सहित पार्षद मौजूद रहे। निगमायुक्त की सख्ती का पार्षदों ने समर्थन किया।
#RewanchalRoshni #SatnaNews #MunicipalCorporation #MadhyaPradeshNews #VindhyaNews








