मैहर अस्पताल के बाहर गर्भवती महिला को चढ़ाया गया खून, सतना जिला अस्पताल रेफर….

मैहर सिविल अस्पताल के बाहर गर्भवती महिला को बैठाकर खून चढ़ाए जाने का वीडियो सामने आया है। शनिवार दोपहर करीब 2:30 बजे के बताए जा रहे इस वीडियो में महिला अस्पताल के बाहर बैठी दिखाई दे रही है, जबकि उसके परिजन हाथ में ब्लड बैग लेकर खड़े नजर आ रहे हैं। परिजनों के मुताबिक, महिला को प्रसव के लिए करीब 8 दिन पहले अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
जांच में हीमोग्लोबिन कम और बीपी बढ़ा मिला…अस्पताल के आरएमओ डॉ. आरएन पांडेय ने बताया कि महिला को सीजेरियन ऑपरेशन के लिए ऑपरेशन थिएटर में ले जाया गया था। इस दौरान जांच में उसका हीमोग्लोबिन कम और ब्लड प्रेशर बढ़ा हुआ पाया गया।
डॉ. पांडेय के अनुसार, महिला की स्थिति को देखते हुए उसे खून चढ़ाना शुरू किया गया। इसके बाद बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल सतना रेफर करने का निर्णय लिया गया।
एंबुलेंस आने से पहले बाहर आए परिजन…आरएमओ ने बताया कि एंबुलेंस पहुंचने से पहले ही महिला और उसके परिजन ब्लड बैग लेकर वार्ड से बाहर आ गए थे। उनके मुताबिक, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो इसी दौरान का है।
वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल की व्यवस्था और गर्भवती महिला को अस्पताल परिसर के बाहर खून चढ़ाए जाने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, अस्पताल प्रबंधन ने इस स्थिति के पीछे महिला की जांच रिपोर्ट और रेफरल की प्रक्रिया को वजह बताया है।
#RewanchalRoshni #MaiharNews #SatnaNews #HealthcareNews #MadhyaPradeshNews








