मैहर में तीन महीने पुरानी चोरी का आरोपी गिरफ्तार, 10 लाख के जेवर और बाइक बरामद…

मैहर में करीब तीन महीने पहले हुई चोरी के मामले में पुलिस ने दमोह जिले के एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की निशानदेही पर सोने-चांदी के जेवर और एक बाइक बरामद की गई है, जिनकी कुल कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है। मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
घर का कुंडा तोड़कर की थी चोरी…पुलिस के अनुसार, अरकंडी देवी जी वार्ड क्रमांक-1 निवासी राजभान शर्मा ने 30 अगस्त 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 29 अगस्त को वह परिवार के साथ अपने गांव सरसी गए थे। इसी दौरान रात में अज्ञात चोर घर का कुंडा तोड़कर सोने-चांदी के जेवर और अन्य सामान चोरी कर ले गए।
मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 879/26 के तहत बीएनएस की धारा 331(4) और 305(ए) में केस दर्ज कर जांच शुरू की। शारदा धाम चौकी प्रभारी विनय शुक्ला के नेतृत्व में टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने 30 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और तकनीकी टीम की मदद से संदिग्धों की तलाश की।
दमोह जिले का आरोपी गिरफ्तार…पुलिस के मुताबिक, जांच के आधार पर 27 नवंबर को राजेंद्र बसोर (25) निवासी फतेहपुर, थाना पटेरा, जिला दमोह को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर चोरी के सोने-चांदी के जेवर और एक बाइक बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपी को शुक्रवार शाम कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। कार्रवाई थाना प्रभारी अभिषेक सिंह परिहार के नेतृत्व में शारदा धाम चौकी प्रभारी विनय शुक्ला और पुलिस टीम ने की।
#RewanchalRoshni #MaiharNews #CrimeNews #MadhyaPradeshPolice #VindhyaNews








