उचेहरा में नाबालिग से पूछताछ पर हंगामा, सतना-मैहर रोड जाम; पुलिस वाहन पर पथराव…

सतना जिले के उचेहरा में बुजुर्ग की जेब से एक लाख रुपए चोरी के मामले में 14 वर्षीय नाबालिग को पूछताछ के लिए थाने बुलाने पर शुक्रवार रात हंगामा हो गया। नाबालिग के परिजन और मोहल्ले के लोग पुलिस कार्रवाई के विरोध में सड़क पर उतर आए। भीड़ ने बसहा तिराहे पर सतना-मैहर रोड जाम कर दिया और पत्थरबाजी की, जिसमें डायल-112 वाहन का कांच टूट गया। करीब एक घंटे बाद पुलिस ने रास्ता खुलवाया।
सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध की पहचान…पुलिस के मुताबिक, बिहटा निवासी रामावतार सिंह गुरुवार को वैवाहिक कार्यक्रम के लिए उचेहरा स्थित यूनियन बैंक से दो लाख रुपए निकालकर घर जा रहे थे। उन्होंने एक लाख रुपए बहू को दिए और बाकी रकम जेब में रखी थी। इसके बाद वे इलाज के लिए डॉ. सतेन्द्र प्रसाद की क्लीनिक पहुंचे, जहां उनकी जेब से एक लाख रुपए चोरी हो गए।
शिकायत मिलने पर पुलिस ने बैंक से क्लीनिक तक लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस के अनुसार, फुटेज में एक संदिग्ध बैंक से बुजुर्ग का पीछा करता और क्लीनिक पहुंचने के बाद जेब काटकर भागता दिखाई दिया। फुटेज और अन्य तथ्यों के आधार पर संदिग्ध की पहचान 14 वर्षीय नाबालिग के रूप में की गई। शुक्रवार शाम पुलिस ने उसे परिजनों के साथ पूछताछ के लिए थाने बुलाया था।
पथराव में डायल-112 वाहन का कांच टूटा…थाने में हुए हंगामे के बाद भीड़ बसहा तिराहे पहुंची और सड़क जाम कर दिया। इसी दौरान डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची तो पत्थरबाजी शुरू हो गई। इसमें पुलिस वाहन का कांच टूट गया।
पुलिस ने खुलवाया रास्ता, निकाला फ्लैग मार्च….स्थिति बिगड़ने पर टीआई सतीश मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को हटाया और करीब एक घंटे बाद यातायात बहाल कराया। सूचना पर नागौद एसडीओपी रघु केशरी अतिरिक्त पुलिस बल के साथ उचेहरा पहुंचे। रात में नगर में फ्लैग मार्च भी निकाला गया। पुलिस वायरल फोटो और वीडियो के आधार पर पथराव में शामिल लोगों की पहचान कर रही है।
#RewanchalRoshni #SatnaNews #Uchehra #PoliceNews #VindhyaNews








