सतना में बिजली चोरी का मामला: मैरिज गार्डन में मीटर बायपास कर हो रहा था इस्तेमाल, 33 नए प्रकरण दर्ज…

सतना के रामपुर बाघेलान क्षेत्र में बिजली चोरी और बकाया बिलों की वसूली के लिए चलाए गए जांच अभियान में 33 नए प्रकरण दर्ज किए गए। बरबसा स्थित श्री बजरंग वाटिका मैरिज गार्डन में सिंगल फेस मीटर को बायपास कर बिजली का इस्तेमाल किए जाने का मामला सामने आया। विद्युत कंपनी की टीम ने मौके पर पंचनामा तैयार कर कार्रवाई की।
254 कनेक्शनों की जांच, 43 पंचनामे तैयार….विद्युत कंपनी ने गुरुवार को रामपुर बाघेलान क्षेत्र के विभिन्न गांवों में जांच अभियान चलाया। इस दौरान करीब 254 बिजली कनेक्शनों की जांच की गई। अनियमितताएं मिलने पर 43 पंचनामे तैयार किए गए और 33 नए प्रकरण दर्ज किए गए।
अधीक्षण अभियंता प्रशांत सिंह के निर्देश पर कार्यपालन अभियंता शिवम खरे के नेतृत्व में टीम ने लामी, करही, सागौनी, सजहना, बेलहना, बड़ौरा, शिवपुरवा, चौरा, तपा, जमुना और कृष्णगढ़ सहित कई गांवों में जांच की। सीधे बिजली लाइन से कटिया डालकर बिजली इस्तेमाल करने के मामलों में विद्युत अधिनियम की धारा 135 के तहत प्रकरण बनाए गए।
अलग-अलग अनियमितताओं पर कार्रवाई…विद्युत कंपनी के अनुसार, बकाया राशि के कारण कनेक्शन काटे जाने के बाद भी बिजली इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ धारा 138 के तहत कार्रवाई की गई। वहीं, घरेलू कनेक्शन से व्यावसायिक गतिविधियां संचालित करने के मामलों में धारा 126 के तहत पंचनामा तैयार किया गया।
कंपनी ने स्पष्ट किया है कि बिजली चोरी, अवैध कनेक्शन और बकाया बिल के बावजूद बिजली इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ जांच अभियान जारी रहेगा। कनेक्शन काटे जाने के बाद भी चोरी-छिपे बिजली उपयोग करने वाले उपभोक्ताओं पर निगरानी रखी जा रही है।
#RewanchalRoshni #SatnaNews #ElectricityTheft #MadhyaPradeshNews #VindhyaNews








