रीवा में सांसद जनार्दन मिश्रा के बयान पर CM मोहन यादव की चुटकी, बोले- AK-47 की गोलियों की तरह बोलते हैं…

रीवा में भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा के बढ़ती आबादी को लेकर दिए गए बयान के एक दिन बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उनके भाषण देने के अंदाज पर मंच से चुटकी ली। शनिवार को रीवा में भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा से पहले आयोजित सभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि माहौल बनाना हो तो जनार्दन मिश्रा को खड़ा कर दो। वे ठोक-ठाक, धड़-धड़ AK-47 की गोलियों की तरह बोलते हैं।
सीएम बोले- कभी-कभी हिट विकेट भी हो जाते हैं….मुख्यमंत्री ने मुस्कुराते हुए आगे कहा कि कभी-कभी जनार्दन मिश्रा थोड़ा हिट विकेट भी हो जाते हैं। ऐसे में उन्हें रोकना पड़ता है और कहना पड़ता है कि जनार्दन जी थोड़ा रोको। मुख्यमंत्री की इस टिप्पणी पर मंच पर मौजूद लोग भी मुस्कुराने लगे।
सांसद ने कहा था- जितने बच्चे पैदा करने हैं, कर लो…दरअसल, शुक्रवार को रीवा नगर निगम के एक कार्यक्रम में सांसद जनार्दन मिश्रा ने बढ़ती आबादी और शहर की पेयजल व्यवस्था को लेकर टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था कि लोग गांवों से आकर रीवा में बस जाएं और जितने बच्चे पैदा करने हैं, कर लें। उनके मुताबिक, नगर निगम ने सभी के लिए पानी की व्यवस्था कर रखी है और पानी की कमी नहीं होगी। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा था कि बाकी दाना-पानी की व्यवस्था लोग खुद देखें।
कांग्रेस और राहुल गांधी पर भी साधा निशाना…सभा में मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आगे बढ़ रहा है, लेकिन कांग्रेस हर बात का विरोध करती है।
मुख्यमंत्री ने विंध्य और चित्रकूट को भगवान राम की धरती बताते हुए कहा कि भगवान राम ने वनवास के 11 वर्ष इस क्षेत्र में बिताए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने राम मंदिर निर्माण में अड़चनें पैदा कीं और भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाए।
#RewanchalRoshni #RewaNews #MadhyaPradeshPolitics #MohanYadav #VindhyaNews








