रीवा में CM मोहन यादव ने सांसद जनार्दन मिश्रा पर ली चुटकी, बोले- AK-47 की गोलियों की तरह बोलते हैं…

रीवा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा के भाषण देने के अंदाज पर मंच से मजाकिया टिप्पणी की। शनिवार को एनसीसी ग्राउंड में भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा से पहले आयोजित सभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि जब माहौल बनाना हो तो जनार्दन जी को खड़ा कर दो। वे ठोक-ठाक, धड़-धड़ AK-47 की गोलियों की तरह बोलते हैं।
सीएम बोले- कभी-कभी हिट विकेट हो जाते हैं…मुख्यमंत्री ने हंसते हुए कहा कि कभी-कभी जनार्दन मिश्रा थोड़ा हिट विकेट भी हो जाते हैं। ऐसे में उन्हें कहना पड़ता है कि जनार्दन जी थोड़ा रोको, रोको, रोको। उनकी इस टिप्पणी पर मंच पर मौजूद लोग भी मुस्कुराने लगे।

कांग्रेस और राहुल गांधी पर साधा निशाना…सभा में मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है, लेकिन कांग्रेस हर बात का विरोध करती है।
मुख्यमंत्री ने विंध्य और चित्रकूट को भगवान राम की धरती बताते हुए कहा कि भगवान राम ने अपने वनवास के 11 वर्ष इस क्षेत्र में बिताए थे। उन्होंने कांग्रेस पर राम मंदिर निर्माण में अड़चनें पैदा करने और भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाने का आरोप लगाया।
कोरेक्स सिटी का पोस्टर लेकर पहुंचीं कांग्रेस नेत्री…मुख्यमंत्री की सभा के दौरान कांग्रेस नेत्री प्रतिभा सिंह बघेल कोरेक्स सिटी का पोस्टर लेकर पंडाल में पहुंचीं। पोस्टर पर लिखा था- ‘कोरेक्स सिटी रीवा में मुख्यमंत्री का स्वागत है।’ इस दौरान पुलिस के साथ उनकी झूमाझटकी हुई और पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। कांग्रेस नेत्री ने पुलिस पर अभद्रता करने के आरोप लगाए।
डिप्टी सीएम ने रजिस्ट्री योजना की जानकारी दी…उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने ग्रामीण परिवारों को संपत्ति का कानूनी मालिकाना हक दिलाने वाली रजिस्ट्री योजना का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अभियान के तहत 27 लाख से अधिक रजिस्ट्रियां पूरी हो चुकी हैं। उन्होंने इसे ग्रामीण परिवारों को सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक मजबूती देने की पहल बताया।
सभा के बाद भाजपा की पदयात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और महिला मोर्चा सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी शामिल हुए।
#RewanchalRoshni #RewaNews #MadhyaPradeshPolitics #MohanYadav #VindhyaNews








