Edition

सतना में अपहरण-फिरौती और फोटोग्राफरों से लूट के मामले में 3 आरोपी जेल भेजे, चौथा फरार…

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सतना में अपहरण-फिरौती और फोटोग्राफरों से लूट के मामले में 3 आरोपी जेल भेजे, चौथा फरार….

सतना में युवक के अपहरण और 50 हजार रुपए की फिरौती मांगने के मामले में निलंबित कांस्टेबल विवेक सिंह समेत तीन आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। रामपुर बाघेलान थाना पुलिस ने शुक्रवार शाम तीनों को न्यायालय में पेश किया। पुलिस जांच में गिरोह का संबंध फोटोग्राफरों से हुई लूट की वारदात से भी सामने आया है। मामले का चौथा आरोपी बंटी उर्फ शिवेन्द्र सिंह अभी फरार है।

मोबाइल में मिली कैमरे की फोटो से जुड़ी कड़ी…पुलिस के मुताबिक, विवेक सिंह के मोबाइल की जांच के दौरान उसमें लूटे गए कैमरे की फोटो मिली। इसके बाद 23 नवंबर की रात भटनवारा के पास फोटोग्राफर सतीश सिंगरौल और शिवम सोनी से हुई लूट में भी इसी गिरोह की भूमिका सामने आई।

दोनों फोटोग्राफर एक पारिवारिक कार्यक्रम की शूटिंग कर बाइक से लौट रहे थे। नायरा पेट्रोल पंप के पास दो बाइकों पर सवार तीन बदमाशों ने उनकी बाइक को टक्कर मारकर गिरा दिया। इसके बाद चाकू दिखाकर कैमरा, मोबाइल, चार्जर और लेंस लूट लिए। आरोपियों ने स्टूडियो संचालक रोहित सेन से स्कैनर के जरिए 50 हजार रुपए भेजने का दबाव बनाया, लेकिन उन्हें केवल 30 रुपए मिले।

ड्यूटी से गायब था निलंबित कांस्टेबल…25 नवंबर की रात टिकुरिया निवासी ऋषभ सिंह को चार बदमाशों ने चाकू की नोक पर अगवा कर सतरी गांव के पास एक बगीचे में बंधक बना लिया था। आरोपियों ने रिहाई के बदले 50 हजार रुपए की फिरौती मांगी थी। परिजनों की तलाश के दौरान कांस्टेबल विवेक सिंह पकड़ा गया, जबकि अन्य आरोपी भाग निकले।

विवेक पुलिस लाइन के सुपर-30 दस्ते में तैनात था और घटना वाली रात उसकी ड्यूटी पेट्रोलिंग में थी। ड्यूटी से अनुपस्थित पाए जाने के बाद गिरफ्तारी पर एसपी हंसराज सिंह ने उसे निलंबित कर दिया था।

दो अन्य आरोपी गिरफ्तार, चौथे की तलाश जारी…पूछताछ में विवेक ने नारायण सिंह बघेल (24), उत्कर्ष सिंह बघेल (25) और बंटी उर्फ शिवेन्द्र सिंह का नाम बताया। पुलिस ने नारायण और उत्कर्ष को गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है, जबकि बंटी की तलाश जारी है।

फोटोग्राफरों से लूट के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस भी आरोपियों से पूछताछ की तैयारी कर रही है। दोनों थाना पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही हैं।

#RewanchalRoshni #SatnaNews #CrimeNews #PoliceAction #VindhyaNews

Kishan Gupta
Author: Kishan Gupta

journalist

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!