पन्ना में 4 महीने से वेतन नहीं मिलने का आरोप, कीटनाशक पीने से शिक्षक की मौत….

पन्ना जिले के शाहनगर जनपद क्षेत्र के ग्राम जरगवां में शासकीय माध्यमिक शिक्षक भारत वंशकार (48) की कीटनाशक पीने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने चार महीने से वेतन नहीं मिलने और आर्थिक तंगी को इस घटना की वजह बताया है। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

पत्नी ने बताई परिवार की आर्थिक स्थिति..मृतक की पत्नी केरा बाई के अनुसार, परिवार में कुल 12 सदस्य हैं। पिछले चार महीने से वेतन नहीं मिलने के कारण परिवार आर्थिक संकट से गुजर रहा था। उन्होंने बताया कि घर में खाने-पीने और दवाइयों तक के लिए पैसे की कमी हो गई थी। इसी बीच गुरुवार को घर में अकेले होने पर भारत वंशकार ने कीटनाशक पी लिया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पत्नी को पेंशन और बच्चों को नौकरी देने की मांग…मृतक के साढ़ू भाई सुंदर लाल बंसल ने शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने शासन-प्रशासन से मृतक की पत्नी को पेंशन, परिवार को आर्थिक सहायता और आश्रित बच्चों को नौकरी देने की मांग की है, ताकि परिवार का भरण-पोषण हो सके।
उपस्थिति पत्रक में अनुपस्थिति दर्ज होने से रुका वेतन…वेतन आहरण केंद्र रैपुरा के प्रभारी के अनुसार, बगरौड़ संकुल केंद्र के अधीन कूंडा माध्यमिक शाला से भेजे गए उपस्थिति पत्रक में शिक्षक को अनुपस्थित दर्शाया गया था। इसी वजह से उनका वेतन जारी नहीं हो पाया।
घटना के बाद वेतन भुगतान की प्रक्रिया और संबंधित विभागीय रिकॉर्ड को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, वेतन रुकने के कारणों और जिम्मेदारी को लेकर विभागीय स्तर पर स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।
#PannaNews #TeacherNews #MadhyaPradeshNews #EducationDepartment #RewanchalRoshni






