Edition

कटनी ज्वेलरी शोरूम में 12 करोड़ की चोरी, झारखंड के गैंग पर शक…

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कटनी ज्वेलरी शोरूम में 12 करोड़ की चोरी, झारखंड के गैंग पर शक…

कटनी के बरगवां स्थित किसना डायमंड एंड गोल्ड ज्वेलरी शोरूम में करीब 12 करोड़ रुपये के जेवरात की चोरी के मामले में पुलिस की जांच जारी है। शुरुआती जांच में झारखंड के साहिबगंज के 6 से 7 सदस्यों वाले गिरोह की भूमिका होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, फिंगरप्रिंट और घटनास्थल से मिले अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

मुंबई से खरीदे औजार, कटनी से लिया गैस कटर…जांच में सामने आया है कि बदमाशों ने वारदात में इस्तेमाल किए गए पेचकस और पाना जैसे औजार मुंबई से खरीदे थे, जबकि गैस कटर और ऑक्सीजन सिलेंडर कटनी से लिए गए थे। वारदात के बाद शोरूम के पीछे लाल पहाड़ी से गैस कटर, ऑक्सीजन सिलेंडर और घरेलू एलपीजी सिलेंडर सहित कुछ सामान बरामद हुआ है।

बदमाशों ने शोरूम की पिछली ईंट की दीवार में करीब पौने दो फीट का छेद किया था। शोरूम संचालक मोहन बजाज के मुताबिक, टूटे हिस्से के नीचे पत्ते बिछाए गए थे, ताकि अंदर घुसते समय या औजारों की आवाज कम हो।

32 सीसीटीवी कैमरे, फिर भी रिकॉर्ड नहीं हुई पूरी वारदात….शोरूम में 32 सीसीटीवी कैमरे लगे थे, लेकिन चोरी की पूरी घटना कैमरों में रिकॉर्ड नहीं हो सकी। आईजी प्रमोद वर्मा के अनुसार, बदमाशों ने पहले कैमरों का कनेक्शन बंद किया और इसके बाद वारदात को अंजाम दिया। सामने आए फुटेज में एक बदमाश काउंटर खोलने का प्रयास करता दिखाई दे रहा है, जबकि दूसरा उसे औजार उपलब्ध करा रहा है।

अलार्म बजने के बावजूद सूचना नहीं देने पर गार्ड से पूछताछ…शोरूम संचालक ने दावा किया है कि चोरी के दौरान अलार्म बजा था, लेकिन सुरक्षा गार्ड भागवत तिवारी ने पुलिस या संचालक को सूचना नहीं दी। इस पहलू पर पुलिस गार्ड से पूछताछ कर रही है। साथ ही, शोरूम के किसी कर्मचारी की संभावित भूमिका की भी जांच की जा रही है।

लॉकर नहीं होने की बात आई सामने…संचालक मोहन बजाज के अनुसार, कंपनी की ओर से शोरूम में लॉकर या तिजोरी रखने का प्रावधान नहीं था। सभी जेवर डिस्प्ले काउंटर में रखे गए थे। दीपावली के कारण शोरूम में सामान्य दिनों की तुलना में अधिक स्टॉक मौजूद था। बदमाश करीब 12 करोड़ रुपये के सोने और हीरे के आभूषण ले गए।

आईजी प्रमोद वर्मा और डीआईजी अतुल सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया था। पुलिस के अनुसार, मौके से फिंगरप्रिंट सहित अन्य साक्ष्य जुटाए गए हैं। फिलहाल झारखंड के साहिबगंज के गिरोह पर संदेह जताया जा रहा है, हालांकि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी को लेकर जांच जारी है।

#KatniNews #JewelleryRobbery #CrimeNews #MadhyaPradeshNews #RewanchalRoshni

Kishan Gupta
Author: Kishan Gupta

journalist

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!