पन्ना में 100 पाव देशी शराब के साथ दो युवक पकड़े गए, बाइक भी जब्त…

पन्ना जिले में आबकारी विभाग ने अवैध शराब के परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो युवकों को पकड़ा है। दोनों बिना नंबर की बाइक से 100 पाव देशी शराब ले जा रहे थे। विभाग ने 18 बल्क लीटर शराब और करीब 70 हजार रुपए कीमत की बाइक जब्त कर मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
नागौद-पहाड़ीखेड़ा मार्ग पर की गई कार्रवाई…आबकारी उपनिरीक्षक मुकेश पाण्डेय को मंगलवार, 3 नवंबर की रात गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि नागौद-पहाड़ीखेड़ा मार्ग से बाइक पर शराब ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर आबकारी टीम ने मार्ग पर घेराबंदी कर बाइक सवारों को रोका।
पूछताछ में युवकों ने अपनी पहचान मूरत यादव (45), निवासी बनहरी कला, थाना अजयगढ़, जिला पन्ना और अखिलेश यादव (27), निवासी सटई, थाना हीरापुर, जिला छतरपुर के रूप में बताई।
बोरी में मिले शराब के दो कार्टून…तलाशी के दौरान बाइक पर रखी बोरी से देशी मदिरा सादा (प्रिंस लेमन) के दो कार्टून मिले। इनमें कुल 100 पाव शराब थी, जिसकी मात्रा 18 बल्क लीटर और अनुमानित कीमत 7,600 रुपए बताई गई है। बाइक की कीमत करीब 70 हजार रुपए आंकी गई है।
आबकारी विभाग के अनुसार, दोनों युवकों के पास शराब के परिवहन से संबंधित परमिट या लाइसेंस नहीं मिला।
आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज..आबकारी विभाग ने दोनों युवकों के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। उपनिरीक्षक मुकेश पाण्डेय ने बताया कि कलेक्टर के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।
कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक मुकेश पाण्डेय, आरक्षक स्मिता ठाकुर, उमाशंकर साहू और नगर सैनिक मोतीलाल प्रजापति व राजेश पटेल शामिल रहे।
#PannaNews #IllegalLiquor #ExciseDepartment #MadhyaPradeshNews #RewanchalRoshni









