मऊगंज के हनुमना में मेडिकल स्टोर से 326 नशीली टैबलेट जब्त, संचालक गिरफ्तार…

मऊगंज जिले के हनुमना कस्बे में पुलिस ने एक मेडिकल स्टोर पर कार्रवाई करते हुए 326 प्रतिबंधित नशीली टैबलेट जब्त की हैं। पुलिस ने दुकान संचालक राकेश कुमार गुप्ता (55) को गिरफ्तार किया है। जब्त दवाओं की अनुमानित कीमत करीब 3,700 रुपए बताई गई है।
मुखबिर की सूचना पर मेडिकल स्टोर में छापा…पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि हनुमना स्थित उज्जवल मेडिकल स्टोर से कथित तौर पर अवैध रूप से नशीली टैबलेट बेची जा रही हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दुकान पर छापा मारकर तलाशी ली।
इस दौरान संचालक राकेश कुमार गुप्ता के पास से 326 टैबलेट बरामद की गईं। आरोपी वार्ड नंबर 9, हनुमना का निवासी और हीरालाल गुप्ता का बेटा है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज…पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और मध्यप्रदेश ड्रग्स कंट्रोल एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। मंगलवार को उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई…पुलिस के अनुसार, कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के निर्देशन में की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शशिकांत सरयाम और एसडीओपी सचिन पाठक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश पटेल के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की।
#MauganjNews #Hanumana #DrugSeizure #MadhyaPradeshNews #RewanchalRoshni









