रीवा में कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, जिला प्रशासन को सौंपा ज्ञापन…

रीवा में कानून व्यवस्था और बढ़ते अपराधों के मुद्दे पर मंगलवार को कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस ने देवास जिले के खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी गोस्वामी की ट्रक से कुचलकर हुई मौत के मामले को भी उठाते हुए घटना पर आक्रोश जताया।
अपराधों पर नियंत्रण की मांग…कांग्रेस जिला अध्यक्ष अशोक पटेल ने कहा कि प्रदेश में रेत, खनिज और शराब से जुड़े अवैध कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई की जरूरत है। उन्होंने रीवा में चोरी, लूट, डकैती और चेन स्नैचिंग की घटनाओं का उल्लेख करते हुए महिलाओं की सुरक्षा तथा ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने की मांग की।
शिल्पी प्लाजा में चोरी और नशीली दवाओं का मुद्दा उठाया…जिला संगठन महासचिव रवि तिवारी ने शहर के व्यस्त शिल्पी प्लाजा क्षेत्र में हुई चोरी का जिक्र करते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग रखी। उन्होंने दूसरे राज्यों से नशीली दवाओं और कफ सिरप की खेप पहुंचने से जुड़ी शिकायतों पर भी चिंता जताई। कांग्रेस नेताओं ने शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की।
ज्ञापन में रखीं ये मांगें,कांग्रेस की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में रेत और खनिज के अवैध कारोबार पर कार्रवाई, नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने, अवैध शराब की बिक्री पर अंकुश लगाने और बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की गई।
इसके अलावा हांका अभियान चलाने, साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने और चेन स्नैचिंग की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग भी शामिल रही। कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन से आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की अपेक्षा जताई।
#RewaNews #CongressProtest #LawAndOrder #MadhyaPradeshNews #RewanchalRoshni








