रीवा के रोझौही में न्यूक्लियर प्लांट के विरोध में चिता आंदोलन आठवें दिन भी जारी…
रीवा जिले के रोझौही में प्रस्तावित न्यूक्लियर पावर प्लांट के विरोध में ग्रामीणों का चिता आंदोलन आठवें दिन भी जारी है। शुक्रवार को सैकड़ों ग्रामीण धरना स्थल पर जुटे। आंदोलन को समाजसेवियों और जनप्रतिनिधियों ने भी समर्थन दिया। ग्रामीणों की प्रमुख मांग परियोजना को रद्द करने की है।
समाजसेवियों और जनप्रतिनिधियों ने दिया समर्थन…आंदोलन में देश बचाओ आध्यात्मिक राष्ट्रीय पुनर्जागरण अभियान के राष्ट्रीय प्रचारक मुद्रिका प्रसाद त्रिपाठी, जिला पंचायत सदस्य लालमणि त्रिपाठी, गांधी विचार मंच के समाजसेवी रामेश्वर गुप्ता, देवेंद्र मिश्रा और भगवानदीन शुक्ला सहित कई लोग पहुंचे।
समर्थन देने पहुंचे लोगों ने कहा कि प्रस्तावित परियोजना का मुद्दा केवल रोझौही और सरई कला तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे विंध्य क्षेत्र के पर्यावरण और भविष्य से जुड़ा है। उन्होंने परियोजना को लेकर अपनी चिंताएं भी जाहिर कीं।
परियोजना रद्द करने की मांग पर अड़े ग्रामीण…ग्रामीण इससे पहले जल सत्याग्रह और आमरण अनशन कर चुके हैं। मांग पर ठोस कार्रवाई नहीं होने के बाद उन्होंने चिता आंदोलन शुरू किया। धरना स्थल पर ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि परियोजना रद्द नहीं की गई तो वे चिता में अपने प्राण त्याग देंगे।
महिला की मौत के बाद आंदोलन हुआ तेज…आंदोलन के दौरान जल सत्याग्रह में आदिवासी महिला विमला आदिवासी की मौत का मामला भी चर्चा में है। इस घटना के बाद ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ी और उन्होंने प्रशासन पर अनदेखी के आरोप लगाए। फिलहाल आठवें दिन भी ग्रामीण परियोजना रद्द करने की मांग पर आंदोलन जारी रखे हुए हैं।
#RewaNews #RewaLive #VindhyaNews #MadhyaPradeshNews #RewanchalRoshni







