मैहर संगीत समारोह में वाद्य वृंद की प्रस्तुति ने मोहा मन, 10 मिनट तक गूंजती रहीं तालियां…

मैहर में 52वें उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत समारोह का शुक्रवार को शुभारंभ हुआ। पहले दिन मैहर वाद्य वृंद के कलाकारों ने राग मिश्रकिरवानी की शानदार प्रस्तुति दी। विभिन्न वाद्य यंत्रों की जुगलबंदी ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रस्तुति के बाद करीब 10 मिनट तक तालियों की गूंज सुनाई देती रही।
दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ शुभारंभ…मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग की उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत एवं कला अकादमी द्वारा पद्मविभूषण उस्ताद अलाउद्दीन खां साहब की स्मृति में तीन दिवसीय समारोह आयोजित किया जा रहा है। खेल मैदान में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद गणेश सिंह, विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी, संभागायुक्त शीलेन्द्र सिंह, कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी और पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

वाद्य यंत्रों की जुगलबंदी रही आकर्षण का केंद्र…समारोह की शुरुआत पद्मविभूषण उस्ताद अली अकबर खां की रचना राग मिश्रकिरवानी से हुई। मैहर वाद्य वृंद के कलाकारों ने नलतरंग, वायलिन, तबला, हारमोनियम, सरोद, सारंगी और सितार पर सामूहिक प्रस्तुति दी। कलाकारों की जुगलबंदी को दर्शकों ने खूब सराहा।
कथक और भरतनाट्यम की भी हुई प्रस्तुति…पहले दिन कोलकाता के अरिंदम भट्टाचार्य सहित कलाकारों ने सरोद और गायन की जुगलबंदी पेश की। कथक नृत्यांगना श्यामवी शुक्ला मिश्रा ने श्रीकृष्ण और सुदामा की मित्रता का प्रसंग नृत्य के माध्यम से प्रस्तुत किया। इसके बाद पंडित प्रसाद खापर्डे ने शास्त्रीय गायन और पद्मश्री गीता चंद्रन ने भरतनाट्यम की प्रस्तुति दी।
उस्ताद अलाउद्दीन खां साहब को दी श्रद्धांजलि…संगीत समारोह से पहले अतिथियों ने मदीना भवन पहुंचकर उस्ताद अलाउद्दीन खां साहब के मकबरे पर चादर चढ़ाई और श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर मदीना भवन को आकर्षक रोशनी से सजाया गया था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संगीत और कला प्रेमी शामिल हुए।
तीन दिवसीय यह समारोह 13 से 15 नवंबर तक आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य देशभर के कलाकारों को मंच प्रदान करना और मैहर की समृद्ध संगीत परंपरा को आगे बढ़ाना है।
#MaiharNews #MaiharMusicFestival #SatnaNews #MadhyaPradeshNews #RewanchalRoshni





