Edition

मैहर में पिकअप लूटने वाला गिरोह पकड़ाया, यूपी का मुख्य आरोपी गिरफ्तार; 16 केस दर्ज…

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मैहर में पिकअप लूटने वाला गिरोह पकड़ाया, यूपी का मुख्य आरोपी गिरफ्तार; 16 केस दर्ज…

मैहर में भाड़े पर पिकअप वाहन बुक कर चालकों से मारपीट और लूटपाट करने वाले गिरोह के मुख्य आरोपी को पुलिस ने छतरपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के खैरागढ़ निवासी सीताराम सिकरवार उर्फ सुनील ठाकुर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, उसके खिलाफ मध्यप्रदेश के अलग-अलग थानों में 16 आपराधिक मामले दर्ज हैं। गिरोह के पांच सदस्य पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं।

दो पिकअप वाहनों को बनाया था निशाना…पुलिस के अनुसार, गिरोह ने पहली वारदात 2 सितंबर 2026 को की थी। आरोपियों ने राज कोल की बोलेरो पिकअप (MP19 ZQ 4603) भाड़े पर बुक की और सगमनिया की ओर ले जाकर वाहन चोरी कर लिया।

दूसरी वारदात 19 सितंबर को हुई। छतरपुर निवासी इदरीश मंसूरी (42) सामान पहुंचाने के लिए अपनी पिकअप (MP16 ZB 0612) लेकर मैहर आए थे। आरोप है कि सरलानगर रोड टोल प्लाजा के आगे सुनसान स्थान पर आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और मोबाइल व वाहन की चाबी छीनकर पिकअप लेकर फरार हो गए।

CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से हुई गिरफ्तारी….कोतवाली मैहर पुलिस ने थाना प्रभारी अभिषेक सिंह परिहार के नेतृत्व में जांच करते हुए CCTV फुटेज और तकनीकी जानकारी के आधार पर मुख्य आरोपी को छतरपुर से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। इससे पहले गिरोह के जितेंद्र कुशवाहा, सुभाष कुशवाहा, शिवराम चौधरी, रजनीश साकेत और उमेश साकेत को गिरफ्तार किया जा चुका है।

आरोपी पर 16 मामले दर्ज…पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने सतना, छतरपुर, विदिशा और भोपाल सहित अन्य स्थानों पर वारदातों में शामिल होने की जानकारी दी है। उसके खिलाफ भोपाल, रीवा, सीधी, गुना, सागर, दमोह, विदिशा, कटनी, ग्वालियर और मैहर के अलग-अलग थानों में कुल 16 मामले दर्ज बताए गए हैं। इनमें लूट, चोरी, अमानत में खयानत और ठगी से जुड़े मामले शामिल हैं।

14.45 लाख रुपए की संपत्ति जब्त..पुलिस ने आरोपियों से दो बोलेरो पिकअप वाहन, चार मोबाइल फोन और विभिन्न दस्तावेज जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 14 लाख 45 हजार रुपए बताई गई है। बरामद दस्तावेजों में बैंक की चेकबुक, जमीन और वाहनों की रजिस्ट्रियां तथा ATM कार्ड शामिल हैं।

पुलिस ने मुख्य आरोपी को शुक्रवार शाम न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

#MaiharNews #SatnaNews #MadhyaPradeshPolice #CrimeNews #RewanchalRoshni

Kishan Gupta
Author: Kishan Gupta

journalist

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!