सतना में युवक पर फायरिंग का दूसरा आरोपी गिरफ्तार, वारदात में इस्तेमाल बाइक जब्त..

सतना जिले के नागौद थाना क्षेत्र में युवक पर गोली चलाकर हत्या के प्रयास के मामले में पुलिस ने दूसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान इटौरा खुर्द निवासी अभिलाष लोधी (30), पिता अयोध्या प्रसाद लोधी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल बाइक भी जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर बारापत्थर पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा गया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

8 नवंबर को हुई थी फायरिंग की घटना…पुलिस के मुताबिक, 8 नवंबर को अभिलाष लोधी और प्रिंस यादव सतना पट्टी निवासी घनश्याम कुशवाहा (22) के घर पहुंचे थे। घनश्याम के घर पर नहीं मिलने पर दोनों ललचहा मोड़ स्थित राणा यादव की दुकान के पास उसका इंतजार करने लगे।
कुछ देर बाद घनश्याम अपने साथी राजा यादव के साथ नागौद से लौट रहा था। इसी दौरान आरोपियों ने उसे रोककर गाली-गलौज और धमकी दी। आरोप है कि प्रिंस यादव ने पिस्टल से तीन फायर किए, जिनमें से एक गोली घनश्याम के पैर में लगी। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
#SatnaNews #SatnaCrime #NagodNews #MadhyaPradeshNews #RewanchalRoshni






