सतना में फायरिंग और तोड़फोड़ के मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार, पिस्टल व कारतूस जब्त…

सतना। शहर के घूरडांग स्थित आदर्शनगर कॉलोनी में घर के बाहर फायरिंग, पथराव और तोड़फोड़ के मामले में कोलगवां थाना पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देशी पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किया है। मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है।
घर के बाहर की थी फायरिंग और तोड़फोड़…पुलिस के अनुसार, 28 अक्टूबर की रात यश त्रिपाठी (26) अपने परिजनों के साथ घर में सो रहे थे। इसी दौरान अजय जायसवाल (26), महेंद्र सोनी उर्फ शिब्बू (25), दिव्यांशु सिंह उर्फ आकाश (24) और स्नेहिल शुक्ला एसयूवी से वहां पहुंचे।
आरोप है कि उन्होंने घर के बाहर गाली-गलौज और पथराव किया। इसके बाद सीसीटीवी कैमरों और घर के बाहर खड़ी कार में तोड़फोड़ की गई। इस दौरान तीन राउंड फायरिंग भी हुई। घटना कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई थी।

चार दिन की तलाश के बाद तीन आरोपी गिरफ्तार…यश त्रिपाठी की शिकायत पर कोलगवां थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर महेंद्र सोनी, अजय जायसवाल और दिव्यांशु सिंह को गिरफ्तार किया। वहीं, स्नेहिल शुक्ला की तलाश जारी है।
पिस्टल और कारतूस बरामद, न्यायिक हिरासत में भेजे गए…पुलिस ने महेंद्र सोनी के कब्जे से एक देशी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस जब्त किया है। इसके बाद मामले में आर्म्स एक्ट की धारा 25/27 भी जोड़ी गई। तीनों आरोपियों को सोमवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
#SatnaNews #MadhyaPradeshNews #CrimeNews #PoliceAction #RewanchalRoshni








