पन्ना में मजदूर पर कुल्हाड़ी से हमला, सिर में गंभीर चोट; जिला अस्पताल रेफर..

पन्ना जिले के पवई थाना क्षेत्र में जमीन बेचने की पुरानी बात को लेकर विवाद में एक मजदूर पर कुल्हाड़ी से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में हरिलाल आदिवासी के सिर में गंभीर चोट आई है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बुधवार, 4 नवंबर को जिला अस्पताल पन्ना रेफर किया गया।
जमीन बेचने की बात को लेकर पुराना विवाद…घायल हरिलाल के मुताबिक, करीब चार-पांच साल पहले सुरेश आदिवासी अपनी जमीन किसी व्यक्ति को बेच रहा था। उस समय हरिलाल और गांव के कुछ लोगों ने इसका विरोध किया था। आरोप है कि इसी बात को लेकर सुरेश उससे रंजिश रखता था।
बताया गया कि मंगलवार रात मजदूरी करके घर लौटते समय सुरेश ने हरिलाल पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में उनके सिर पर गंभीर चोट आई।
जिला अस्पताल में इलाज जारी…घटना के बाद परिजन घायल को पवई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल पन्ना रेफर कर दिया। जिला अस्पताल के ड्यूटी डॉक्टर सुधीर सिंह चौहान के अनुसार, घायल के सिर में गंभीर चोट है और डॉक्टरों की टीम की निगरानी में उपचार किया जा रहा है।
पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया…मामले में पवई थाना प्रभारी सुशील कुमार अहिरवार से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन बात नहीं हो सकी। घटना को लेकर पुलिस की आधिकारिक जानकारी और आगे की कार्रवाई का विवरण फिलहाल सामने नहीं आया है।
#PannaNews #CrimeNews #MadhyaPradeshNews #PoliceInvestigation #RewanchalRoshni








