रीवा में मां-बच्चे की मौत की जांच रिपोर्ट के लिए पिता का धरना जारी, बोले- कॉपी मिलने तक नहीं हटूंगा…

रीवा। संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय में कल्पना मिश्रा और उनके नवजात बच्चे की मौत के मामले में जांच रिपोर्ट की प्रति नहीं मिलने से नाराज पिता रामशिरोमणि मिश्रा का धरना मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। वे कलेक्ट्रेट परिसर में धरने पर बैठे हैं। उनकी मांग है कि प्रशासन उन्हें मजिस्ट्रियल जांच रिपोर्ट की प्रमाणित प्रति उपलब्ध कराए।
15 दिन के अनशन के बाद शुरू हुई थी मजिस्ट्रियल जांच…जानकारी के अनुसार, कल्पना और उनके नवजात बच्चे की मौत के बाद रामशिरोमणि मिश्रा ने न्याय की मांग को लेकर 2 से 16 सितंबर तक आमरण अनशन किया था। इसके बाद प्रशासन ने मामले की मजिस्ट्रियल जांच कराने का आश्वासन दिया था।
4 सितंबर को जांच के आदेश जारी कर तत्कालीन सिरमौर एसडीएम दृष्टि जायसवाल को जिम्मेदारी सौंपी गई थी। उन्हें 30 दिनों के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करनी थी।
रिपोर्ट जमा होने के बाद भी नहीं मिली प्रति..रामशिरोमणि मिश्रा का कहना है कि जांच पूरी होने और रिपोर्ट जमा किए जाने के बावजूद उन्हें इसकी अधिकृत प्रति उपलब्ध नहीं कराई गई है। उनका आरोप है कि वे करीब 65 किलोमीटर दूर से सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन हर बार उन्हें बाद में आने के लिए कहा जाता है।
न्याय की मांग को लेकर जारी रहेगा धरना….रामशिरोमणि मिश्रा ने कहा कि बेटी और नवजात नाती को खोने के बाद वे न्याय की लड़ाई लड़ रहे हैं। जब तक प्रशासन उन्हें मजिस्ट्रियल जांच रिपोर्ट की अधिकृत प्रति उपलब्ध नहीं कराता, तब तक उनका धरना समाप्त नहीं होगा।
#RewaNews #MadhyaPradeshNews #JusticeForKalpana #HealthNews #RewanchalRoshni









