रीवा में मां-बच्चे की मौत की जांच रिपोर्ट के लिए पिता का धरना जारी, बोले- रिपोर्ट मिलने तक नहीं हटूंगा

रीवा। संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय में कल्पना मिश्रा और उनके नवजात बच्चे की मौत के मामले में मजिस्ट्रियल जांच रिपोर्ट की प्रति नहीं मिलने पर पिता रामशिरोमणि मिश्रा का धरना मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। वे कलेक्ट्रेट परिसर में धरने पर बैठे हैं। उनकी मांग है कि प्रशासन उन्हें जांच रिपोर्ट की अधिकृत प्रति उपलब्ध कराए।
15 दिन के अनशन के बाद हुई थी जांच की घोषणा,जानकारी के अनुसार, कल्पना और उनके नवजात बच्चे की मौत के बाद रामशिरोमणि मिश्रा ने न्याय की मांग को लेकर 2 से 16 सितंबर तक आमरण अनशन किया था। इसके बाद प्रशासन ने मामले की मजिस्ट्रियल जांच कराने का निर्णय लिया था।
4 सितंबर को जांच के आदेश जारी कर तत्कालीन सिरमौर एसडीएम दृष्टि जायसवाल को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। उन्हें 30 दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करनी थी।
जांच रिपोर्ट की प्रति नहीं मिलने का आरोप….रामशिरोमणि मिश्रा का कहना है कि जांच पूरी होने और रिपोर्ट जमा होने के बावजूद उन्हें इसकी अधिकृत प्रति नहीं मिली है। उनका आरोप है कि वे करीब 65 किलोमीटर दूर से सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन हर बार उन्हें बाद में आने के लिए कहा जाता है।
रिपोर्ट मिलने तक जारी रहेगा धरना…रामशिरोमणि मिश्रा ने कहा कि बेटी और नवजात नाती को खोने के बाद वे न्याय की मांग कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक प्रशासन उन्हें मजिस्ट्रियल जांच रिपोर्ट की अधिकृत प्रति उपलब्ध नहीं कराता, तब तक उनका धरना जारी रहेगा।
#RewaNews #MadhyaPradeshNews #HealthNews #LatestNews #RewanchalRoshni









