पन्ना में नवविवाहिता की मौत, पुरानी फोटो को लेकर विवाद और प्रताड़ना के आरोप; जांच में जुटी पुलिस…

पन्ना। जिले में 22 वर्षीय नवविवाहिता की जहरीला पदार्थ खाने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। महिला को गंभीर हालत में पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुन्नौर ले जाया गया था। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल पन्ना रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मामले में मायके पक्ष ने ससुराल में मानसिक प्रताड़ना और चरित्र को लेकर लगाए गए आरोपों के कारण विवाद होने की बात कही है। परिजनों ने मौत के कारणों की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पुरानी फोटो को लेकर विवाद होने की बात आई सामने,मृतका वंदना की बहन चाहना चौधरी के अनुसार, किसी युवक के साथ वंदना की पुरानी फोटो उसके पति और जेठ को भेजी गई थी। इस फोटो को लेकर ससुराल में विवाद हुआ था। बहन का आरोप है कि इसके बाद वंदना को मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था।
वंदना की मां भूरी बाई ने भी बेटी पर लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए मामले की जांच की मांग की है। परिजनों ने उसे जहरीला पदार्थ दिए जाने की आशंका भी जताई है। हालांकि, इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।
पति ने अस्पताल पहुंचाने की बताई बात,वंदना के पति अशोक चौधरी के मुताबिक, वह घटना वाले दिन मजदूरी करने गया था। दोपहर में घर लौटने पर उसने पत्नी को कमरे में गंभीर हालत में देखा। इसके बाद वह उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचा।
मई में हुई थी शादी, अक्टूबर में हुआ था गौना….जानकारी के अनुसार, बड़ागांव निवासी वंदना चौधरी (22) की शादी 12 मई 2026 को इमलिया निवासी अशोक चौधरी से हुई थी। परिजनों के मुताबिक, दशहरे के आसपास उसका गौना हुआ था। इसके बाद वह कुछ समय मायके में रही और करवा चौथ के दिन पति उसे ससुराल लेकर गया था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार,घटना की सूचना पर अस्पताल चौकी पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर परिजनों के बयान दर्ज किए। सोमवार को शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।
#PannaNews #MadhyaPradeshNews #CrimeNews #LatestNews #RewanchalRoshni









