मैहर NH-30 हादसा: बरहिया के पास बाइक पुल से टकराई, युवक की मौत; दूसरा गंभीर…

मैहर NH-30 हादसे में बुधवार शाम बरहिया के पास बाइक सवार एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों युवक रीवा से लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने पुल से टकरा गई। मृतक की पहचान आनंद सागर साकेत (24) के रूप में हुई है।
रीवा से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, मैहर जिले के ग्राम धतुरा निवासी राजकुमार साकेत (21), पिता रामनिवास और आनंद सागर साकेत (24), पिता शियाशरण दोस्त थे। बुधवार को दोनों अपने एक रिश्तेदार को रीवा छोड़ने गए थे। शाम करीब 5:30 बजे वापस लौटते समय बरहिया के पास उनकी बाइक फिसल गई और पुल से टकरा गई।
अस्पताल में एक को मृत घोषित किया
हादसे की सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सिविल अस्पताल मैहर ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने आनंद सागर को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल राजकुमार का इलाज जारी है। मृतक का शव अस्पताल की मर्चुरी में रखवाया गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की जानकारी मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
#MaiharNews #NH30Accident #RoadAccident #MadhyaPradeshNews #RewanchalRoshni








