रीवा में आदिवासियों के चिता आंदोलन के बीच पहुंचे जीतू पटवारी, न्यूक्लियर पावर प्लांट का किया विरोध…

रीवा के रोझौही में प्रस्तावित न्यूक्लियर पावर प्लांट के विरोध में चल रहे आदिवासियों के आंदोलन को समर्थन देने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी बुधवार देर रात आंदोलन स्थल पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और प्रस्तावित परमाणु बिजली परियोजना का विरोध किया।रीवा आदिवासियों चिता आंदोलन,,,
राहुल गांधी को रीवा आने का दिया न्योता
जीतू पटवारी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से रीवा आकर आदिवासी परिवारों की समस्याएं सुनने की अपील की। उन्होंने आरोप लगाया कि विंध्य क्षेत्र के सिंगरौली, सतना, सीधी, रीवा, शहडोल और अनूपपुर में आदिवासियों की जमीनें प्रभावित हो रही हैं। पटवारी ने कहा कि विकास परियोजनाओं के नाम पर लोगों के अधिकारों और भविष्य की अनदेखी नहीं होनी चाहिए।
9 अक्टूबर से चल रहा है आंदोलन
रोझौही और सरई कला क्षेत्र में प्रस्तावित न्यूक्लियर पावर प्लांट को लेकर ग्रामीणों का विरोध 9 अक्टूबर से जारी है। शुरुआती सर्वे और जमीन की जांच के लिए बोरिंग मशीनें पहुंचने के बाद ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए काम रुकवा दिया था।
जमीन, पानी और विस्थापन को लेकर चिंता
आंदोलन कर रहे ग्रामीणों को परियोजना के कारण जमीन अधिग्रहण, जलस्रोतों, पर्यावरण और विस्थापन को लेकर आशंका है। ग्रामीणों ने ग्रामसभा में परियोजना के विरोध का प्रस्ताव पारित करने के साथ जमीन से संबंधित अनापत्ति प्रमाण पत्रों की जांच की मांग भी उठाई है। अपनी मांगों को लेकर ग्रामीण चिता आंदोलन कर रहे हैं।
प्रशासन ने जमीन आवंटन से किया इनकार
परियोजना को लेकर प्रशासन का कहना है कि फिलहाल न्यूक्लियर पावर प्लांट के निर्माण के लिए जमीन आवंटित नहीं की गई है। शुरुआती स्तर पर जमीन की उपयुक्तता और परियोजना की व्यवहार्यता जांचने के लिए परीक्षण की अनुमति दी गई थी। इसके बावजूद ग्रामीण इस प्रक्रिया का विरोध कर रहे हैं।
जीतू पटवारी के आंदोलन स्थल पहुंचने के बाद यह मुद्दा राजनीतिक चर्चा में भी आ गया है।
#RewaNews #JituPatwari #TribalProtest #MadhyaPradeshNews #RewanchalRoshni






