सतना में दो पाकिस्तानी ब्यूटी क्रीम पर प्रतिबंध, जांच में मिलीं भारी धातुएं…

सतना। सतना में पाकिस्तान में निर्मित दो ब्यूटी क्रीम की खरीद-बिक्री और इस्तेमाल पर रोक लगा दी गई है। जांच में इन उत्पादों में निर्धारित सीमा से अधिक भारी धातुएं पाए जाने की जानकारी सामने आई है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने इस संबंध में एडवाइजरी जारी कर दुकानदारों और आम लोगों को सतर्क किया है।
विभाग ने गोरी ब्यूटी क्रीम और चांदनी व्हाइटनिंग क्रीम की बिक्री तत्काल बंद करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, इन दोनों उत्पादों के आयात के लिए सक्षम प्राधिकारी की ओर से पंजीकरण प्रमाणपत्र भी जारी नहीं किया गया है।
दुकानदारों को स्टॉक अलग रखने के निर्देश…ड्रग इंस्पेक्टर प्रियंका चौबे ने जिले के सभी कॉस्मेटिक स्टॉकिस्ट, थोक और खुदरा विक्रेताओं को दोनों क्रीम का स्टॉक अलग रखने और बिक्री बंद करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पहले हुई खरीद-बिक्री के बिल और संबंधित जानकारी विभाग को उपलब्ध कराने को कहा गया है।
उपभोक्ताओं से इस्तेमाल बंद करने की अपील…खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे दोनों क्रीम न खरीदें और यदि पहले से खरीद रखी हैं तो उनका इस्तेमाल बंद कर दें। विभाग ने कॉस्मेटिक उत्पाद खरीदते समय निर्माता का नाम, निर्माण लाइसेंस नंबर, बैच नंबर और एक्सपायरी डेट की जांच करने की सलाह दी है।
आयातित कॉस्मेटिक उत्पादों पर आयात पंजीकरण नंबर और आयातक का विवरण देखना भी जरूरी बताया गया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि प्रतिबंध के बावजूद इन क्रीम की बिक्री करने वालों के खिलाफ औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम 1940 और प्रसाधन सामग्री नियमावली 2020 के तहत कार्रवाई की जा सकती है।
#SatnaNews #BeautyCreamBan #MadhyaPradeshNews #HealthAlert #RewanchalRoshni





