सतना में 86 वर्षीय बुजुर्ग की गोली लगने से मौत, कमरे में मिला कट्टा…

सतना। सतना के कोलगवां थाना क्षेत्र की बांधवगढ़ कॉलोनी स्थित मिहानीपुरम में शनिवार दोपहर 86 वर्षीय अनूप चंद्र खन्ना की गोली लगने से मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मौके से एक कट्टा बरामद किया है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि घटना के कारणों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
जानकारी के अनुसार, अनूप चंद्र खन्ना पुत्र कश्मीरी लाल अपने परिवार के साथ मिहानीपुरम में रहते थे। शनिवार दोपहर गोली चलने की आवाज सुनकर उनके नाती अक्षय कमरे में पहुंचे। वहां अनूप चंद्र खून से लथपथ हालत में मिले। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
छह महीने से परेशान होने की बात…परिजनों के मुताबिक, अनूप चंद्र करीब छह महीने पहले घर में फिसलकर गिर गए थे। इसके बाद से वह परेशान रहते थे। हालांकि, उनकी मौत के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
पुलिस ने शुरू की जांच…घटना की सूचना मिलने पर कोलगवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर कट्टे सहित अन्य साक्ष्यों को जांच में लिया है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। मौत की परिस्थितियों और घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
#SatnaNews #SatnaCrimeNews #MadhyaPradeshNews #BreakingNews #RewanchalRoshni






