मैहर में दुकानदार के घर घुसकर मारपीट और तोड़फोड़, VIDEO वायरल; चार लोग पकड़े गए…

मैहर। शहर के महाराजा नगर में सोमवार देर रात किराना दुकानदार के घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। देवी जी मंदिर के पास रहने वाले दुकानदार महेश प्रजापति और उनके परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट किए जाने का आरोप है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 10 बजे महेश प्रजापति की किराना दुकान पर हसमुख मल्हार कथित तौर पर शिवम साहू के साथ मारपीट कर रहा था। दुकानदार ने बीच-बचाव कर विवाद शांत कराने की कोशिश की। आरोप है कि इसके बाद हसमुख मल्हार अपने साथियों के साथ महेश के घर पहुंचा और वहां उनके परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की। इस दौरान घर में तोड़फोड़ भी की गई।
पुलिस ने चार लोगों को पकड़ा…मामला मां शारदा धाम देवी जी पुलिस चौकी क्षेत्र का है। चौकी प्रभारी विनय प्रकाश शुक्ला के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर एनसीआर दर्ज कर जांच शुरू की गई है। मंगलवार सुबह पुलिस ने चार लोगों को पकड़ा है। मामले में आगे की जांच जारी है।
#MaiharNews #SatnaNews #MadhyaPradeshNews #CrimeNews #RewanchalRoshni









