अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2026 के लिए अस्मि और अध्ययन भारती का चयन, भाई-बहन की जोड़ी करेगी भारत का प्रतिनिधित्व…

भारत में पहली बार आयोजित होने जा रही अंतरराष्ट्रीय ओपन ताइक्वांडो जी-1 चैंपियनशिप-2026 के लिए अस्मि भारती और अध्ययन भारती का चयन हुआ है। खास बात यह है कि भाई-बहन की यह जोड़ी एक साथ अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करेगी।
अस्मि भारती अंतरराष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी हैं, जबकि अध्ययन राष्ट्रीय स्तर पर ताइक्वांडो प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा दिखा चुके हैं। दोनों का चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक हासिल करने के आधार पर किया गया है।
अलग-अलग भारवर्ग में करेंगे मुकाबला…अस्मि भारती सीनियर वर्ग के 57 किलोग्राम से कम भारवर्ग में हिस्सा लेंगी, जबकि अध्ययन भारती जूनियर वर्ग के 51 किलोग्राम से कम भारवर्ग में प्रतिस्पर्धा करेंगे। अस्मि इससे पहले बहरीन यूथ गेम्स, ताशकंद (उज्बेकिस्तान) और वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए भी चयनित हो चुकी हैं। वहीं, अध्ययन पहली बार अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
24 देशों के खिलाड़ी लेंगे हिस्सा..अस्मि और अध्ययन के पिता एवं कोच डॉ. संदीप भारती के अनुसार, प्रतियोगिता में भारत सहित इराक, ऑस्ट्रेलिया, अफगानिस्तान, नेपाल, अमेरिका, ओमान, फ्रांस, लक्जमबर्ग और संयुक्त अरब अमीरात समेत 24 देशों के खिलाड़ी भाग लेंगे।
मध्यप्रदेश की 20 सदस्यीय टीम कोच जगजीत सिंह मांड के नेतृत्व में प्रतियोगिता में हिस्सा लेगी। अस्मि वर्तमान में उनके मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर जिला ताइक्वांडो संघ के पदाधिकारियों और खेल जगत से जुड़े लोगों ने बधाई देते हुए उनके बेहतर प्रदर्शन की कामना की है। यह जानकारी संघ के मीडिया प्रभारी मृदुल पांडे ने दी।
#Taekwondo #IndianSports #SportsNews #MadhyaPradesh #RewanchalRoshni








