सीधी में पिता ने 6 साल की बेटी की हत्या की, पत्नी पर भी चाकू से हमला; खुद को किया घायल…

सीधी। जिले के चुरहट थाना क्षेत्र में सोमवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। उमेश केवट नाम के व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और 6 साल की बेटी पर चाकू और हंसिया से हमला कर दिया। हमले में बेटी ऋतु केवट की मौत हो गई, जबकि पत्नी सावित्री गंभीर रूप से घायल हो गई। वारदात के बाद आरोपी ने खुद के गले पर भी चाकू से हमला कर लिया।
तालाब किनारे झोपड़ी में रहता था परिवार…जानकारी के अनुसार, उमेश केवट मूल रूप से रीवा जिले के गुढ़ थाना क्षेत्र के बघवार गांव का निवासी है। वह परिवार के साथ चुरहट के मंमदर तालाब के पास झोपड़ी बनाकर रहता था और तालाब में सिंघाड़े की खेती करता था।
सोते समय पत्नी और बेटी पर किया हमला..घायल सावित्री के मुताबिक, सोमवार रात वह अपनी दोनों बेटियों के साथ खाट पर सो रही थी, जबकि उमेश दूसरी खाट पर था। इसी दौरान आरोपी चाकू लेकर पहुंचा और पत्नी के चेहरे पर वार किया। इसके बाद 6 वर्षीय ऋतु पर चाकू और हंसिये से कई वार किए। बच्ची के शरीर पर 10 से अधिक घाव होने की जानकारी सामने आई है। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
तीन दिन से व्यवहार में दिख रहा था बदलाव…सावित्री ने पुलिस को बताया कि पिछले तीन दिनों से उमेश के व्यवहार में बदलाव आया था। वह छोटी-छोटी बातों पर गुस्सा करता और परिजनों के साथ गाली-गलौज व मारपीट की कोशिश करता था। परिजनों ने उसकी स्थिति को देखते हुए झाड़-फूंक भी कराई थी।
पुलिस जांच में जुटी…घटना की सूचना मिलने पर चुरहट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायल मां और बच्ची को रीवा के संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने ऋतु को मृत घोषित कर दिया। आरोपी भी खुद को घायल करने के बाद पुलिस की गिरफ्त में है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
#SidhiNews #RewaNews #MadhyaPradeshNews #CrimeNews #RewanchalRoshni








