मैहर में जंगली हाथी पहाड़ी से उतरकर शहरी क्षेत्र में पहुंचा: 22 दिन से वन विभाग की निगरानी में, कॉलर आईडी से रखी जा रही नजर…

मैहर। जिले के अमरपाटन रेंज की रामनगर सर्किल में पिछले 22 दिनों से वन विभाग की निगरानी में चल रहा जंगली हाथी ई-5 सी4 रविवार रात गोरसरी पहाड़ी से उतरकर रामनगर के शहरी क्षेत्र में पहुंच गया। हाथी रात करीब 10:30 बजे पहाड़ी से नीचे आया। उसे देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। कुछ लोग हाथी को जंगल की ओर खदेड़ने का प्रयास करने लगे।
सूचना मिलने पर अमरपाटन रेंजर प्रफुल्ल त्रिपाठी वन विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने लोगों को हाथी से दूरी बनाए रखने और उसे परेशान या खदेड़ने से बचने की समझाइश दी।
सुरक्षा के लिए बिजली आपूर्ति बंद कराई
हाथी की शहरी क्षेत्र में मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा के लिहाज से गोरसरी क्षेत्र के 11 केवी रामनगर फीडर की बिजली आपूर्ति बंद कराई गई। वन विभाग की टीम लगातार हाथी की गतिविधियों पर नजर रख रही है।

अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि हाथी के नजदीक न जाएं और उसे घेरने या जंगल की ओर खदेड़ने की कोशिश न करें। इससे हाथी के आक्रामक होने और लोगों की सुरक्षा को खतरा पैदा हो सकता है।
कॉलर आईडी से ट्रैक हो रही लोकेशन
हाथी की गतिविधियों और लोकेशन पर बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की टीम कॉलर आईडी के जरिए निगरानी रख रही है। लोकेशन की जानकारी मिलने के बाद बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की टीम और पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया।
वन विभाग की टीमें हाथी की सुरक्षित मूवमेंट सुनिश्चित करने और उसे आबादी वाले क्षेत्र से सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर ले जाने के प्रयास में जुटी हैं।
23 सितंबर को हुआ था रेस्क्यू ऑपरेशन..

इससे पहले 23 सितंबर को गोरसरी पहाड़ी पर हाथी को रेस्क्यू करने के लिए ऑपरेशन चलाया गया था। इस अभियान में छह कुमकी हाथियों समेत करीब 150 लोगों की टीम शामिल हुई थी। हालांकि, बारिश के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन रोकना पड़ा था।
रविवार को मौसम साफ होने के बाद हाथी पहाड़ी से नीचे उतर आया और रामनगर के शहरी क्षेत्र की ओर पहुंच गया। फिलहाल वन विभाग, बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की टीम और पुलिस हाथी की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं।
SEO Keywords: Maihar Elephant News, Ramnagar Wild Elephant, Maihar Forest Department, Gorsari Hill Elephant, Elephant E5 C4, Bandhavgarh Tiger Reserve, Amarpatan Forest Range, Maihar Latest News
#MaiharNews #WildElephant #Ramnagar #Bandhavgarh #RewanchalRoshni








