पन्ना से चोरी पिकअप छतरपुर में बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार; साथी की तलाश जारी…

मध्य प्रदेश के पन्ना शहर के रानीगंज मोहल्ले से चोरी हुआ महिंद्रा पिकअप वाहन पुलिस ने चंदला-लवकुशनगर क्षेत्र में बरामद कर लिया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसका कथित साथी फरार है। पुलिस ने चोरी में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
24-25 अक्टूबर की रात चोरी हुआ था वाहन…

पुलिस के अनुसार, रानीगंज मोहल्ला निवासी राजेंद्र कुमार यादव ने 25 अक्टूबर 2026 को कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 24 और 25 अक्टूबर की दरमियानी रात पुरुषोत्तमपुर में उनकी दुकान के पास खड़ा महिंद्रा पिकअप वाहन (MP 35 GA 0719) चोरी हो गया था। शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
भितरिया तिराहे के पास पकड़ा गया आरोपी…पुलिस ने मुखबिरों और तकनीकी जानकारी के आधार पर तलाश की। इसी दौरान चोरी का वाहन चंदला-लवकुशनगर क्षेत्र में होने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने भितरिया तिराहे के पास पिकअप के साथ घनश्याम सिंह बैस निवासी ग्राम धरमपुर, जिला छतरपुर को पकड़ा।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में घनश्याम ने सौरभ सेंगर के साथ मिलकर वाहन चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोपी की निशानदेही पर करीब 6 लाख 50 हजार रुपये कीमत का पिकअप और चोरी में इस्तेमाल की गई लगभग 50 हजार रुपये कीमत की एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल जब्त की गई है।
फरार आरोपी की तलाश जारी…पुलिस सौरभ सेंगर की तलाश कर रही है। इस कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी हेमंत नायक, उपनिरीक्षक शक्ति प्रकाश पाण्डेय और साइबर सेल की टीम शामिल रही।
#PannaNews #VehicleTheft #ChhatarpurNews #MadhyaPradeshPolice #RewanchalRoshni








