मैहर में तीन दिन से लापता मजदूर का शव कुएं में मिला, मौत की वजह तलाश रही पुलिस…

घर से करीब एक किलोमीटर दूर खेत के कुएं में मिला शव; गुमशुदगी दर्ज होने के अगले दिन बरामदगी, पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव
मैहर जिले के बदेरा थाना क्षेत्र के अजवाइन गांव में तीन दिन से लापता मजदूर का शव मंगलवार दोपहर खेत के पास बने कुएं में तैरता मिला। मृतक की पहचान इंद्रपाल चौधरी उर्फ पुत्ती चौधरी (36), पिता रामदीन चौधरी, निवासी अजवाइन के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर बदेरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकलवाकर जांच शुरू की।

24 अक्टूबर से लापता था इंद्रपाल…जानकारी के अनुसार, इंद्रपाल चौधरी 24 अक्टूबर से लापता था। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद सोमवार को बदेरा थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई। मंगलवार दोपहर ग्रामीणों ने घर से करीब एक किलोमीटर दूर खेत में बने कुएं में शव तैरता देखा और पुलिस को सूचना दी।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव….पुलिस ने शव को कुएं से निकलवाकर आवश्यक कार्रवाई की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इंद्रपाल गांव में मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।
बदेरा थाना प्रभारी सोनल सिंह के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इंद्रपाल की मौत किन परिस्थितियों में हुई।
#MaiharNews #SatnaNews #MadhyaPradeshNews #CrimeNews #RewanchalRoshni








