सतना। तहसील रघुराजनगर के कोलगवां क्षेत्र में शासकीय भूमि से जुड़े मामले में राजस्व अमले की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे हैं। कलेक्टर ने मामले में तत्कालीन हल्का पटवारी विजय बहादुर सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है, जबकि तत्कालीन राजस्व निरीक्षक वीरेश सिंह के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश जारी किए गए हैं।

कलेक्टर के 26 नवंबर 2026 के आदेश के मुताबिक, कोलगवां स्थित शासकीय भूमि खसरा क्रमांक 599/675/1, रकबा करीब 2800 वर्गफुट, के संबंध में वर्ष 2020-21 के दौरान धारणा अधिकार पट्टा जारी करने की प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। आदेश में उल्लेख है कि भूमि के संबंध में पूर्व से बेदखली आदेश पारित था और मामला न्यायालय में विचाराधीन होने के बावजूद पट्टा प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई।

पटवारी पर गंभीर लापरवाही का आरोप….. कलेक्टर ने तत्कालीन हल्का पटवारी विजय बहादुर सिंह द्वारा शासकीय भूमि के संबंध में भ्रामक एवं त्रुटिपूर्ण प्रतिवेदन तैयार करने तथा परिवर्तित नजरी नक्शा तैयार करने को कर्तव्य के प्रति गंभीर लापरवाही माना। इसके बाद उन्हें निलंबित कर मुख्यालय तहसील रघुराजनगर निर्धारित किया गया है।

राजस्व निरीक्षक की भूमिका भी जांच के दायरे में…… वहीं तत्कालीन राजस्व निरीक्षक वीरेश सिंह पर स्थल की वास्तविक स्थिति और विधिक प्रतिबंधों की अनदेखी करते हुए सकारात्मक जांच प्रतिवेदन देने तथा पट्टा जारी करने की अनुशंसा करने का आरोप है। कलेक्टर ने उनके विरुद्ध विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। जांच अधिकारी एसडीओ (राजस्व) रघुराजनगर और प्रस्तुतकर्ता अधिकारी तहसीलदार रघुराजनगर को बनाया गया है। जांच रिपोर्ट 30 दिन के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश हैं।










