सतना में हाइवा की टक्कर से बाराती की मौत, साथी गंभीर घायल; सड़क पर लगा जाम….

सतना जिले के कोटर थाना क्षेत्र में शनिवार शाम तेज रफ्तार हाइवा की टक्कर से एक बाराती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद हाइवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना से आक्रोशित लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान छितानी लाल साकेत (46), निवासी नगौरा, थाना सभापुर के रूप में हुई है। वे अपने गांव के रामप्रसाद साकेत के साथ बारात में शामिल होने के लिए लौलाछ जा रहे थे। शनिवार शाम करीब 6:30 बजे दोनों टिकुरी चौराहे पर खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान सतना से सेमरिया की ओर जा रहे हाइवा ने दोनों को टक्कर मार दी।
हादसे में एक की मौत, दूसरा गंभीर…हाइवा की चपेट में आने से छितानी लाल साकेत की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि रामप्रसाद साकेत गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक हाइवा छोड़कर फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए और सड़क पर जाम लगा दिया। सूचना पर कोटर थाना पुलिस घटनास्थल पहुंची और लोगों को समझाइश देकर जाम खुलवाया। घायल रामप्रसाद को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जबकि मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए मरचुरी में रखवाया गया।
हाइवा जब्त, चालक की तलाश जारी….
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त हाइवा को जब्त कर लिया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ समय तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।
#RewanchalRoshni #SatnaNews #RoadAccident #MadhyaPradeshNews #VindhyaNews








