तोगड़िया बोले- महंगाई घटे, रोजगार बढ़े और किसानों को मिले फसल के बेहतर दाम….

सतना प्रवास पर पहुंचे अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रवीण भाई तोगड़िया ने महंगाई, बेरोजगारी और किसानों के मुद्दों को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि धारा 370 हटाना और नक्सलवाद पर काफी हद तक नियंत्रण सरकार की बड़ी उपलब्धियां हैं, लेकिन महंगाई कम करने, रोजगार बढ़ाने और किसानों को उनकी फसलों के बेहतर दाम दिलाने के लिए अभी और काम करने की जरूरत है। उन्हें उम्मीद है कि सरकार इन मुद्दों पर भी प्रभावी कदम उठाएगी।
महिलाओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दे रही परिषद…तोगड़िया ने बताया कि राष्ट्रीय महिला परिषद ‘ओजस्विनी’ के माध्यम से देशभर में महिलाओं को जागरूक करने का अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत मंगलवार या शनिवार शाम को हनुमान चालीसा का पाठ आयोजित किया जाता है। साथ ही महिलाओं को सुरक्षा और आत्मरक्षा का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य महिलाओं को छेड़छाड़ या हमले जैसी परिस्थितियों में अपना बचाव करने के लिए सक्षम बनाना है। इसके लिए स्कूलों, कॉलेजों और हनुमान चालीसा के आयोजनों के माध्यम से प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।
बोले- राजनीति और चुनाव से पुराना है हिंदुत्व….हिंदुत्व को चुनावी राजनीति से जोड़ने के सवाल पर तोगड़िया ने कहा कि हिंदुत्व राजनीति और चुनाव से बहुत पुराना है। लोकतंत्र और हिंदू संगठनों के अस्तित्व में आने से पहले भी हिंदू समाज मौजूद था। मुगलकाल में भी हिंदू समाज था। उन्होंने कहा कि राजनीति में हिंदुत्व के इस्तेमाल से उसकी मूल पहचान पर कोई फर्क नहीं पड़ता।
हिंदू एकता के सवाल पर उन्होंने कहा कि समाज के लोगों को आपसी स्नेह के साथ एकजुट रहना चाहिए और सभी के कल्याण की व्यवस्था होनी चाहिए।
सनातन विरोधी बयानों पर भी दी प्रतिक्रिया…दलित पिछड़ा समाज संगठन के प्रमुख दामोदर यादव के सनातन धर्म को लेकर दिए गए बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए तोगड़िया ने कहा, ‘बहुत बोलते रहते हैं, ऐसे कौए बहुत चिल्लाते हैं।‘
वहीं, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भाजपा की मौजूदा कार्यशैली पर टिप्पणी करने से उन्होंने परहेज किया। तोगड़िया ने कहा कि वे किसी का मूल्यांकन नहीं करते। उनका मानना है कि हिंदुओं के लिए छोटा-सा भी काम करने वाले व्यक्ति, समुदाय या संस्था के खिलाफ नहीं बोलना चाहिए। इसके बजाय जरूरत पड़ने पर सहयोग करना चाहिए।
#RewanchalRoshni #SatnaNews #PravinTogadia #MadhyaPradeshNews #VindhyaNews








