रीवा में महिला डॉक्टर के समर्थन में जूनियर डॉक्टरों का कैंडल मार्च, FIR की मांग…

रीवा के संजय गांधी अस्पताल में सीनियर डॉक्टर डॉ. मनोज इंदुरकर और जूनियर महिला डॉक्टर के बीच विवाद लगातार बढ़ रहा है। महिला डॉक्टर की शिकायत पर कार्रवाई की मांग को लेकर जूनियर डॉक्टरों ने मंगलवार रात लगातार दूसरे दिन कैंडल मार्च निकाला। प्रदर्शनकारियों ने संबंधित डॉक्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और उन्हें सेवा से बर्खास्त करने की मांग की।
महिला डॉक्टर ने लगाए गंभीर आरोप…श्याम शाह मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. मनोज इंदुरकर पर एक जूनियर महिला डॉक्टर ने मानसिक प्रताड़ना और अनुचित व्यवहार के आरोप लगाए हैं। महिला डॉक्टर का आरोप है कि संबंधित डॉक्टर उन्हें अकेले में चॉकलेट और गिफ्ट देने की कोशिश करते थे। इसके अलावा अटेंडेंस के नाम पर वीडियो कॉल के जरिए संपर्क करने का प्रयास भी किया जाता था।
महिला डॉक्टर ने बताया कि उन्होंने कई बार इस व्यवहार का विरोध किया था और पहले भी शिकायत की थी।
इंटरनल परीक्षा से पहले पेपर देने की कोशिश का आरोप…महिला डॉक्टर ने आरोप लगाया कि इंटरनल परीक्षा से पहले उन्हें अपने केबिन में बुलाकर प्रश्नपत्र देने की कोशिश की गई थी। उन्होंने प्रश्नपत्र लेने से इनकार कर दिया। हालांकि, इस आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
विभागाध्यक्ष पद से हटाने के बाद सतना तबादला…विवाद सामने आने के बाद मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने डॉ. मनोज इंदुरकर को मेडिसिन विभाग के विभागाध्यक्ष पद से हटा दिया था। उनकी जगह डॉ. अनुराग चौरसिया को जिम्मेदारी सौंपी गई।
इसके बाद 17 नवंबर को राज्य शासन ने डॉ. मनोज इंदुरकर का रीवा से सतना मेडिकल कॉलेज में तबादला कर दिया। शासन के आदेश के अनुसार, उन्हें अगले आदेश तक सतना मेडिकल कॉलेज में प्राध्यापक (जनरल मेडिसिन) के पद पर पदस्थ किया गया है।
तबादले के बाद भी जारी है विरोध…जूनियर डॉक्टरों का कहना है कि केवल तबादले से मामला समाप्त नहीं होगा। उन्होंने एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। महिला डॉक्टर ने भी संबंधित डॉक्टर की बर्खास्तगी की मांग दोहराई है। फिलहाल मामले में शिकायत और आरोपों की जांच तथा आगे की कार्रवाई पर सबकी नजर है।
#RewaNews #MedicalCollege #JuniorDoctors #MadhyaPradeshNews #RewanchalRoshni








