Edition

SAFF फाइनल में हारकर भी पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने दिखाई खेल भावना, भारतीय टीम का किया सम्मान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 ढाका  

भारत और पाकिस्तान के बीच रिश्तों में तनाव का असर क्रिकेट के मैदान पर भी देखने को मिलता रहा है, लेकिन फुटबॉल में एक अलग तस्वीर सामने आई. मंगलवार (17 नवंबर) को ढाका में SAFF चैम्पियनशिप के फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 2-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया. मुकाबला खत्म होने के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने भारतीय टीम को गार्ड ऑफ ऑनर दिया. दोनों देशों के खिलाड़ियों ने एक-दूसरे से हाथ मिलाकर खेल भावना का परिचय दिया। 

यह नजारा इसलिए भी खास रहा क्योंकि हालिया समय में क्रिकेट के मैदान पर भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ी टॉस और मैच के बाद हाथ मिलाने से परहेज कर रहे हैं. यह परंपरा मेन्स के अलावा महिला टीमों के मुकाबलों में भी जारी रही है. अप्रैल 2025 में पहलगाम आतंकी हमले और उसके बाद दोनों देशों के बीच बढ़े सैन्य तनाव के बाद यह स्थिति बनी थी। 

फुटबॉल टूर्नामेंट के दौरान दोनों टीमों के बीच आपसी सम्मान की झलक पहले भी दिख चुकी थी. 5 नवंबर को ग्रुप स्टेज के मुकाबले से पहले भारतीय कोच नौशाद मूसा ने साफ किया था कि उनकी टीम सामान्य तरीके से अभिवादन करेगी. इसके बाद भारतीय कप्तान विजय वर्गीस और पाकिस्तान के कप्तान यूसुफ इजाज बट ने हाथ मिलाया था. फाइनल के बाद मेडल सेरेमनी में भी दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने हाथ मिलाए और एक-दूसरे को हाई-फाइव दिया। 

सुहैल-संदीप बने जीत के हीरो
खिताबी मुकाबले में पाकिस्तान ने पहले हाफ के इंजरी टाइम में आलमगीर गाजी के गोल से बढ़त हासिल कर ली थी. भारत को बराबरी के लिए संघर्ष करना पड़ा. 59वें मिनट में VAR की मदद से खतरनाक टैकल के लिए जुनैद शाह को रेड कार्ड दिखाया गया और पाकिस्तान को 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा.भारत ने इसका फायदा उठाने में देर नहीं की. 60वें मिनट में सुहैल अहमद भट ने गोल दागकर स्कोर 1-1 कर दिया. मुकाबला बराबरी पर चल रहा था, तभी 88वें मिनट में संदीप मंडी ने निर्णायक गोल कर भारत को 2-1 से जीत दिला दी। 

इस जीत के साथ भारत ने SAFF चैम्पियनशिप में 10वां और लगातार तीसरा खिताब जीता. पाकिस्तान की टीम पहली बार इस प्रतियोगिता के फाइनल में पहुंची थी. छह देशों के इस टूर्नामेंट में भारत ने अपनी मुख्य सीनियर टीम के बजाय युवा खिलाड़ियों को उतारा था. टीम की जिम्मेदारी अंडर-23 कोच नौशाद मूसा के पास थी। 

 

Aditya
Author: Aditya

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!