मैहर में छात्राओं से शौचालय साफ कराने का मामला, प्रधानाध्यापक निलंबित….

मैहर जिले के घुनवारा स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में छात्राओं से शौचालय की सफाई कराने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक छात्रा वाइपर से फर्श साफ करती दिखाई दे रही है, जबकि दूसरी छात्रा पानी के जग से फर्श पर पानी डालती नजर आ रही है। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी ने स्कूल की प्रधानाध्यापक लीला बाई सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

वायरल वीडियो के बाद शुरू हुई जांच…जानकारी के अनुसार, यह वीडियो सोमवार दोपहर का बताया जा रहा है, जो मंगलवार को सोशल मीडिया पर सामने आया। वीडियो में छात्राओं को किताबों के बजाय सफाई के सामान के साथ देखा गया। मामला कलेक्टर के संज्ञान में आने के बाद जांच के निर्देश दिए गए।
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय घुनवारा के संकुल प्राचार्य और जनशिक्षक ने संयुक्त रूप से प्रारंभिक जांच की। जांच में प्रधानाध्यापक द्वारा छात्राओं से शौचालय की सफाई कराने संबंधी शिकायत की पुष्टि हुई।
कलेक्टर ने जारी किया निलंबन आदेश…प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के आधार पर कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी ने मंगलवार रात करीब 9 बजे प्रधानाध्यापक लीला बाई सिंह के निलंबन का आदेश जारी किया। आदेश में इस कृत्य को पदीय दायित्वों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही और विभाग की छवि प्रभावित करने वाला बताया गया है।
निलंबन की कार्रवाई मध्यप्रदेश सिविल सेवा आचरण नियम 1965 और मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के प्रावधानों के तहत की गई है।
अमरपाटन में रहेगा मुख्यालय…निलंबन अवधि के दौरान लीला बाई सिंह का मुख्यालय कार्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी, अमरपाटन निर्धारित किया गया है। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। प्रशासन ने मामले में आगे की जांच के भी निर्देश दिए हैं।
#MaiharNews #SchoolNews #MadhyaPradeshNews #EducationNews #RewanchalRoshni









