Edition

41 हजार करोड़ की संपत्ति पर घमासान, सिंधिया परिवार विवाद में आज होगी बड़ी सुनवाई

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ग्वालियर
परिवार के बीच आपसी सहमति से तैयार हुए जिस समझौता प्रस्ताव (राजीनामे) के आधार पर मामले के निपटारे की उम्मीद थी, अब उसका भविष्य केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की बड़ी बुआ दिवंगत पद्मावती राजे की बेटी प्रतिमा राणा के बयानों पर निर्भर है।

अतिरिक्त सत्र न्यायालय (ADJ) में बुधवार, 18 नवंबर को होने वाली सुनवाई में प्रतिमा राणा अपने बयान दर्ज कराएंगी। उन्होंने समझौते पर धोखे से हस्ताक्षर कराने का आरोप लगाया है, जबकि ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनकी तीनों मौसियों ने इन आरोपों को खारिज करते हुए समझौते को आपसी सहमति से हुआ बताया है।

धोखे से समझौते पर हस्ताक्षर कराने का आरोप
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की बुआ की बेटी प्रतिमा राणा ने अदालत में अर्जी देकर आरोप लगाया है कि ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनकी तीनों मौसियों—राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, मध्यप्रदेश की पूर्व मंत्री यशोधरा राजे और उषा राजे ने धोखे से उनसे समझौता प्रस्ताव पर हस्ताक्षर कराए। अदालत ने उनकी अर्जी स्वीकार करते हुए उन्हें अपना पक्ष रखने और सबूत पेश करने का अवसर दिया है।

दूसरी ओर, तीनों मौसियों ने अदालत में जवाब दाखिल कर धोखाधड़ी के आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि समझौते पर हस्ताक्षर पूरी सहमति से किए गए थे।

हस्ताक्षर के बाद परिवार के सभी सदस्य साथ रुके, फैमिली डिनर किया और तस्वीरें भी खिंचवाई थीं। ज्योतिरादित्य सिंधिया की ओर से भी अदालत में समझौते को पूरी सहमति से हुआ बताया गया है।

पहले एकपक्षीय घोषित हुई थीं प्रतिमा और कनिका
सिंधिया राजघराने की देश-विदेश में फैली पैतृक संपत्तियों पर अधिकार को लेकर वसुंधरा राजे, यशोधरा राजे और उषा राजे ने ज्योतिरादित्य सिंधिया के खिलाफ सिविल सूट दायर किया था। इस मामले में दिवंगत पद्मावती राजे की बेटियों कनिका और प्रतिमा को भी पक्षकार बनाया गया था। हालांकि, अदालत में पेश नहीं होने के कारण दोनों को एकपक्षीय (एक्स पार्टी) घोषित कर दिया गया था।

अब प्रतिमा राणा ने समझौते पर हस्ताक्षर को लेकर आपत्ति जताते हुए अदालत में अपना पक्ष रखने की मांग की है। चूंकि पद्मावती राजे भी संपत्ति में हिस्सेदार थीं, इसलिए उनकी बेटियों के अधिकार और सहमति का सवाल समझौते की कानूनी स्थिति को प्रभावित कर सकता है। 18 नवंबर को प्रतिमा के बयान और उनके पक्ष से पेश किए जाने वाले साक्ष्य इस मामले की आगे की दिशा तय करने में अहम होंगे।

78 साल पुराना 'द कोवेनेंट' भी बनेगा अहम दस्तावेज
सिंधिया राजघराने की पैतृक संपत्ति से जुड़े इस विवाद में 78 साल पुराना ऐतिहासिक विलय पत्र 'द कोवेनेंट' भी महत्वपूर्ण दस्तावेज के रूप में सामने आया है।

दिल्ली के नोटरी से प्रमाणित इसकी ट्रू कॉपी अदालत में पेश की जा चुकी है। इस दस्तावेज में मध्य भारत की रियासतों के विलय, निजी संपत्तियों और पूर्व शासकों को मिलने वाले टैक्स-फ्री प्रिवी पर्स (वार्षिक भत्ते) से जुड़ी जानकारियां दर्ज हैं।

अब अदालत में प्रतिमा राणा के बयान, उनके पक्ष से पेश किए जाने वाले साक्ष्य और 'द कोवेनेंट' जैसे दस्तावेजों के आधार पर समझौते की वैधता और संपत्ति पर दावों से जुड़े सवालों पर आगे सुनवाई होगी। करीब 41 हजार करोड़ रुपए की बताई जा रही इस संपत्ति के विवाद में फिलहाल 18 नवंबर की सुनवाई पर सबकी निगाहें टिकी हैं।

Aditya
Author: Aditya

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!