रीवा मेडिकल कॉलेज के HOD पर महिला डॉक्टर से अभद्र टिप्पणी के आरोप…

रीवा के श्याम शाह मेडिकल कॉलेज में मेडिसिन विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मनोज इंदुरकर पर एक महिला डॉक्टर ने छेड़छाड़ और आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप लगाए हैं। मामले से जुड़ा एक ऑडियो भी सामने आया है, जिसमें कथित तौर पर महिला डॉक्टर के पहनावे, खूबसूरती और कपड़ों के साइज को लेकर बातचीत सुनाई दे रही है। मामला सामने आने के बाद मेडिकल स्टूडेंट्स और जूनियर डॉक्टरों में नाराजगी है। रविवार रात संजय गांधी अस्पताल परिसर में छात्रों ने प्रदर्शन कर निष्पक्ष जांच की मांग की।

ऑडियो में कपड़ों और पहनावे को लेकर बातचीत का दावा….सामने आए कथित ऑडियो में एक पुरुष आवाज महिला डॉक्टर के कपड़ों की तारीफ करते हुए सुनाई देती है। बातचीत में काजल और क्रीम कलर के कुर्ते का जिक्र भी किया गया है। ऑडियो में कपड़ों के साइज को लेकर सवाल पूछे जाने का भी दावा किया जा रहा है।
महिला डॉक्टर का आरोप है कि डॉ. मनोज इंदुरकर उन्हें लगातार इस तरह की टिप्पणियों के जरिए परेशान करते थे। उन्होंने अपनी शिकायत में पहनावे और निजी जीवन को लेकर टिप्पणी करने तथा छेड़खानी के आरोप भी लगाए हैं।
घर के पास गिफ्ट देने की .कोशिश का आरोप..महिला डॉक्टर ने आरोप लगाया है कि विभागाध्यक्ष उनके घर के पास जाकर गिफ्ट देने की कोशिश करते थे। साथ ही उनके पहनावे और निजी जीवन को लेकर भी टिप्पणी करते थे। महिला डॉक्टर ने शनिवार रात अमहिया थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
मेडिकल स्टूडेंट्स और जूनियर डॉक्टरों का प्रदर्शन…मामले की जानकारी सामने आने के बाद रविवार को बड़ी संख्या में मेडिकल स्टूडेंट्स और जूनियर डॉक्टर संजय गांधी अस्पताल की ओपीडी के बाहर एकत्रित हुए। उन्होंने धरना देकर डॉ. मनोज इंदुरकर को विभागाध्यक्ष पद से हटाने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने ‘वी वांट जस्टिस’ और ‘डॉ. इंदुरकर हाय-हाय’ के नारे लगाए। उनका कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जांच पूरी होने तक डॉ. इंदुरकर को विभागीय जिम्मेदारी नहीं दी जानी चाहिए। प्रदर्शन देर रात तक जारी रहा।
चार सदस्यीय जांच समिति गठित, 28 नवंबर तक अवकाश…विवाद बढ़ने के बाद मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने मामले की जांच के लिए चार सदस्यीय समिति गठित की है। डीन डॉ. शशिधर गर्ग ने समिति को सभी पहलुओं की जांच कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही डॉ. मनोज इंदुरकर को 28 नवंबर तक अवकाश पर भेजने का निर्णय लिया गया है।
डॉ. इंदुरकर ने आरोपों को बताया निराधार…महिला डॉक्टर की शिकायत पर अमहिया थाना पुलिस ने भी जांच शुरू कर दी है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भावना मरावी के मुताबिक, थाने में शिकायत प्राप्त हुई है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, डॉ. मनोज इंदुरकर ने अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि संबंधित महिला डॉक्टर के खिलाफ अनुशासनहीनता के मामले में कार्रवाई की जा रही थी, इसी वजह से उनके खिलाफ शिकायत की गई है।
फिलहाल मामले में मेडिकल कॉलेज प्रबंधन की जांच और पुलिस की कार्रवाई के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
#RewaNews #MedicalCollege #MadhyaPradeshNews #HealthcareNews #RewanchalRoshni







