अमरपाटन अस्पताल में मरीज की मौत के बाद हंगामा, डॉक्टर-गार्ड से मारपीट; परिजन बोले- डॉक्टर नहीं आए, गार्ड लगाता रहा ऑक्सीजन…

मैहर। जिले के अमरपाटन सिविल अस्पताल में शनिवार तड़के इलाज के दौरान 61 वर्षीय मरीज की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों ने ड्यूटी रूम का दरवाजा तोड़ दिया और ऑन-ड्यूटी डॉक्टर शैलेश सिंह व सुरक्षा गार्ड अरुण सिंह के साथ मारपीट की। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी अस्पताल पहुंचे और स्थिति को संभाला। मामले में दोनों पक्षों ने थाने में लिखित शिकायत दी है।
सांस लेने में तकलीफ के बाद अस्पताल लाए थे
गोरसरी निवासी नारायण द्विवेदी (61), पिता राम गरीब, को सांस लेने में गंभीर तकलीफ के चलते परिजन शुक्रवार रात करीब 2 बजे अमरपाटन सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे थे। इलाज के दौरान शनिवार सुबह करीब 5 बजे उनकी मौत हो गई।
परिजन का आरोप- डॉक्टर नहीं आए, गार्ड लगाता रहा ऑक्सीजन
मृतक के परिजन केशव कुमार मिश्रा ने आरोप लगाया कि प्राथमिक दवा देने के बाद मरीज को वार्ड नंबर 2 में शिफ्ट कर दिया गया था। उनकी हालत लगातार बिगड़ रही थी, लेकिन डॉक्टर या स्टाफ नर्स देखने नहीं पहुंचे।
परिजन के मुताबिक, बार-बार बुलाने पर सुरक्षा गार्ड ही मरीज के पास आता और ऑक्सीजन लगाता रहा। उनका आरोप है कि करीब आधे घंटे तक गुहार लगाने के बाद डॉक्टर पहुंचे और समय पर इलाज नहीं मिलने से मरीज की मौत हो गई।

डॉक्टर ने आरोपों को बताया गलत
ऑन-ड्यूटी डॉक्टर शैलेश सिंह ने परिजन के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि मरीज की हालत शुरुआत से ही बेहद नाजुक थी। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर करने की सलाह दी गई थी, लेकिन परिजनों ने सुबह जाने की बात कही।
डॉक्टर के अनुसार, इसके बाद परिजन बिना बताए मरीज को ऊपर के वार्ड में ले गए और सुरक्षा गार्ड से ऑक्सीजन लगवा ली। सुबह जांच के बाद मरीज को मृत घोषित किए जाने पर 8 से 10 लोग ड्यूटी रूम में घुस आए और गाली-गलौज करते हुए उनके तथा गार्ड के साथ मारपीट की।
पुलिस और प्रशासन ने संभाली स्थिति
अस्पताल में हंगामे और मारपीट की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी साधना कठेल और तहसीलदार प्रवीण त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को समझाकर स्थिति शांत कराई।
फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों की लिखित शिकायतें लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद घटनाक्रम और मारपीट के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।
SEO Keywords: Maihar News, Amarpatan Civil Hospital, Amarpatan Hospital Death, Maihar Hospital News, Doctor Guard Assault, Satna Maihar News, Madhya Pradesh News
#MaiharNews #Amarpatan #HospitalNews #MaiharHospital #MadhyaPradeshNews #HospitalDeath #CrimeNews #RewanchalRoshni








