गया से लौट रहे डॉक्टर और प्रिंसिपल भाइयों की मौत, मैहर में डिवाइडर से टकराई कार; ड्राइवर गंभीर…

मैहर। बिहार के गया से पितरों का पिंडदान और श्राद्ध कर्म कर लौट रहे डॉक्टर और प्रिंसिपल भाइयों की कार शनिवार तड़के मैहर के पास सड़क हादसे का शिकार हो गई। पौड़ी गांव के पास इनोवा कार डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में कार सवार दोनों भाइयों की मौके पर मौत हो गई, जबकि ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतकों की पहचान दमोह निवासी डॉक्टर संजय गंगेले (59) और उनके बड़े भाई प्रिंसिपल सुधीर गंगेले (61) के रूप में हुई है। हादसे में घायल ड्राइवर की पहचान राजा रैकवार के रूप में हुई है। कार का नंबर MP 20 BA 5139 बताया गया है।
तड़के 3 बजे हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, हादसा शनिवार तड़के करीब 3 बजे पौड़ी गांव के पास हुआ। आशंका जताई जा रही है कि देर रात कार चलाते समय ड्राइवर को झपकी आ गई, जिसके कारण वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया।
टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
डॉ. संजय की पत्नी भी हैं स्त्री रोग विशेषज्ञ
मृतक डॉ. संजय गंगेले की पत्नी डॉ. श्रद्धा गंगेले दमोह की स्त्री रोग विशेषज्ञ हैं। हादसे के समय वह किसी काम से भोपाल गई हुई थीं।
परिजनों के पहुंचने के बाद होगा पोस्टमॉर्टम
हादसे की सूचना मैहर पुलिस ने दमोह में मृतकों के परिजनों को दे दी है। परिजन मैहर के लिए रवाना हो चुके हैं। उनके पहुंचने के बाद दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।
मैहर पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर ड्राइवर को झपकी आने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि दुर्घटना की वास्तविक वजह जांच के बाद स्पष्ट होगी।
SEO Keywords: Maihar Accident News, Maihar Road Accident, Doctor Death Maihar, Principal Death Maihar, Damoh News, Podi Village Accident, Maihar News Today, Madhya Pradesh Road Accident
#MaiharNews #MaiharAccident #RoadAccident #DamohNews #MadhyaPradeshNews #AccidentNews #SatnaNews #RewanchalRoshni









