सतना। शहर में बारिश के दौरान हो रहे जलभराव को लेकर आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष डॉ. अमित सिंह ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि बरदाडीह से भरहुत नगर तक प्रस्तावित नाला परियोजना वर्षों से लंबित है, जबकि बारिश के दौरान आसपास की कई कॉलोनियों में जलभराव की स्थिति बन रही है।
डॉ. अमित सिंह ने भरहुत नगर स्थित भाजपा कार्यालय की भूमि को लेकर भी सवाल उठाते हुए कहा कि यदि कार्यालय नाले की प्रस्तावित या आरक्षित भूमि पर बना है, तो नगर निगम और जिला प्रशासन को तत्काल भूमि का सीमांकन कराकर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि नाला परियोजना लंबित रहने और कथित अतिक्रमण के कारण जल निकासी प्रभावित होने का खामियाजा आसपास के रहवासियों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से मामले की जांच कर भूमि की वास्तविक स्थिति सार्वजनिक करने और अतिक्रमण पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की।









