चित्रकूट सहित सतना जिले जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव का काम लगातार जारी है। एक ओर पुलिस और प्रशासन और विभिन्न विभागों की टीमें प्रभावित इलाकों में पहुंचकर लोगों की मदद कर रही हैं, वहीं दूसरी ओर राजस्व विभाग समेत अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी अब किचन की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं। आपदा की इस घड़ी में सरकारी अमले की यह सक्रियता उल्लेखनीय है।

लगातार बारिश और कठिन परिस्थितियों के बीच एसडीआरएफ और होमगार्ड की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को सुरक्षित निकालने और जरूरी सहायता पहुंचाने में जुटी हैं। पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं, जबकि प्रशासनिक अधिकारी राहत कार्यों की निगरानी के साथ प्रभावित परिवारों तक जरूरी सामग्री पहुंचाने में लगे हैं।
इसी बीच रघुराजनगर तहसील का राजस्व अमला तहसील भवन में किचन संभालकर बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए भोजन तैयार कर रहा है।

तहसीलदार सहित आरआई और महिला-पुरुष पटवारी पूड़ी, सब्जी और अचार के पैकेट तैयार कराने में जुटे हैं।
बुधवार को करीब 500 भोजन पैकेट तैयार कर सोहास और रगौली के लिए रवाना किए गए, जबकि करीब 50 पैकेट बर्दाडीह भेजे गए।

यह तस्वीर बताती है कि आपदा के समय प्रशासन केवल कार्यालयों तक सीमित नहीं है। जिस विभाग और कर्मचारी को जहां जरूरत महसूस हो रही है, वह वहीं अपनी जिम्मेदारी निभाने का प्रयास कर रहा है।
कोई सड़क और सुरक्षा व्यवस्था देख रहा है, कोई रेस्क्यू कर रहा है, कोई राहत सामग्री पहुंचा रहा है तो कोई भोजन तैयार कर रहा है।
बाढ़ जैसी बड़ी त्रासदी में प्रशासनिक अमले, एसडीआरएफ, होमगार्ड, पुलिस, समाजसेवियों और आम नागरिकों का यह सामूहिक प्रयास प्रभावित परिवारों के लिए बड़ा सहारा बन रहा है।
संकट की इस घड़ी में सेवा का यही समन्वय राहत की सबसे बड़ी ताकत है……











