चित्रकूट में आई बाढ़ के बीच विंध्य विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष संजय तीर्थवानी और उनकी टीम लगातार राहत कार्य में जुटी हुई है। बाढ़ के पहले दिन से ही पीड़ितों और राहगीरों के लिए भोजन के पैकेट तैयार कर वितरित किए जा रहे हैं। साथ ही जगह-जगह स्टॉल लगाकर भी भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।
राहत अभियान के तीसरे दिन मित्र मंडल द्वारा नयागांव, केवटरा और भरतघाट क्षेत्र में करीब 500 कंबल और 500 भोजन पैकेट वितरित किए गए। सतना में परिवार द्वारा ताजा भोजन तैयार कर लगातार चित्रकूट के प्रभावित क्षेत्रों में भेजा जा रहा है।
वहीं आज बाढ़ प्रभावित परिवारों में बच्चों की जरूरत को देखते हुए भोजन, कम्बल के साथ 500-500 दूध, ब्रेड और बिस्किट पैकेट भी भेजे जा रहे हैं। इसके अलावा पानी से बचाव और अस्थायी जरूरतों के लिए 15×25 फीट के तिरपाल भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
टीम का कहना है कि संकट की इस घड़ी में राहत सामग्री जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाना ही प्राथमिकता है। लगातार जारी यह प्रयास बाढ़ पीड़ितों को तत्काल सहारा देने की दिशा में एक व्यावहारिक पहल है। राहत अभियान के जरिए प्रभावित लोगों तक भोजन, गर्म कपड़े और आवश्यक सामग्री पहुंचाने का प्रयास लगातार जारी है।












