चित्रकूट में बाढ़ के बाद पैदा हुए हालात के बीच प्रभावित परिवारों की मदद के लिए सेवादल एवं यंग ब्रिगेड के पदाधिकारी और कार्यकर्ता लगातार सेवा कार्य में जुटे हैं। प्रदेश अध्यक्ष गजानंद तिवारी और जिला अध्यक्ष उदित तिवारी के साथ कार्यकर्ताओं ने दिनभर बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंचकर लोगों की मदद की।
बाढ़ का पानी उतरने के बाद घरों में जमा कीचड़, मलबे और गंदगी ने प्रभावित परिवारों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। ऐसे में कार्यकर्ताओं ने घरों से कीचड़ और मलबा बाहर निकालने के साथ साफ-सफाई कर उन्हें दोबारा व्यवस्थित करने में सहयोग किया। कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने घंटों मेहनत कर प्रभावित परिवारों को उनके घरों को रहने लायक बनाने में मदद की।
बाढ़ से हुए नुकसान के बीच प्रभावित परिवारों के सामने अब घरों की सफाई, जरूरी सामान जुटाने और दैनिक जीवन को दोबारा पटरी पर लाने की चुनौती है। लोगों का कहना है कि प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान के बाद राहत और सफाई व्यवस्था में तेजी की जरूरत है।
सेवादल-यंग ब्रिगेड के पदाधिकारियों का कहना है कि आपदा के समय प्राथमिकता राजनीति नहीं, बल्कि प्रभावित लोगों तक मदद पहुंचाना है। संगठन की ओर से बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच सफाई, राहत और सहयोग का कार्य आगे भी जारी रखने की बात कही गई है।










