मैहर में 17 वर्षीय किशोरी को सांप ने काटा, सिविल अस्पताल में इलाज जारी.

मैहर। जिले में सर्पदंश का मामला सामने आया है। रविवार सुबह घर में बैठी 17 वर्षीय किशोरी को जहरीले सांप ने हाथ पर काट लिया। घटना के बाद परिजन तत्काल उसे सिविल अस्पताल मैहर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, सतना जिले के अमदरी रामपुर पठार निवासी सीता बाई गोंड (17) रविवार सुबह करीब 10 बजे अपने घर में बैठी थी। इसी दौरान एक सांप ने उसके हाथ पर डस लिया। किशोरी और परिजनों के अनुसार सांप काले रंग का था।
सांप के काटने के बाद किशोरी की तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके चलते परिजन बिना समय गंवाए उसे सिविल अस्पताल मैहर लेकर पहुंचे। अस्पताल में चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया। फिलहाल किशोरी की हालत स्थिर बताई जा रही है और डॉक्टर उसकी लगातार निगरानी कर रहे हैं।
घटना के बाद परिजनों में चिंता का माहौल है। समय पर अस्पताल पहुंचने से किशोरी को उपचार मिल सका। चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।









