Edition

मैहर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पर हंगामा, बिरसा मुंडा प्रतिमा को लेकर भिड़ंत….

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मैहर। मैहर जिले के बदेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत सारंग के बहिली गांव में आरक्षित वनभूमि पर स्थापित बिरसा मुंडा की प्रतिमा हटाने को लेकर बुधवार को विवाद हो गया। अतिक्रमण हटाने पहुंची वन विभाग की टीम का ग्रामीणों ने विरोध किया और इस दौरान पथराव भी हुआ। हालांकि प्रशासन के अनुसार घटना में कोई घायल नहीं हुआ। पुलिस की मौजूदगी में वन विभाग ने प्रतिमा हटाकर अतिक्रमण की कार्रवाई पूरी की।

यह मामला मैहर वनपरिक्षेत्र की जुड़वानी बीट के कक्ष क्रमांक पी-580 का है। वन विभाग का कहना है कि आरक्षित वनभूमि पर प्रतिमा स्थापित कर अवैध कब्जे का प्रयास किया जा रहा था। विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाया कि आरक्षित वनभूमि पर प्रतिमा स्थापना या किसी भी प्रकार का निर्माण वन कानूनों के तहत प्रतिबंधित है।

समझाइश के दौरान कुछ ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। इसी बीच वन विभाग की टीम पर पथराव किया गया। सूचना मिलते ही एसडीएम दिव्या पटेल, सीएसपी महेंद्र सिंह और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। सुरक्षा व्यवस्था के बीच वन विभाग ने प्रतिमा और अन्य निर्माण सामग्री हटाकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी की।

गौरतलब है कि यह विवाद पिछले करीब एक महीने से जारी है। इससे पहले 2 जुलाई को भी वन विभाग ने इसी स्थान से प्रतिमा हटाई थी और दो लोगों के खिलाफ वन अपराध का मामला दर्ज किया था। उस कार्रवाई के बाद आदिवासी समाज के लोगों ने वन विभाग कार्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया था। बाद में प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की समझाइश के बाद मामला शांत हुआ था। प्रशासन के अनुसार, संबंधित पक्ष ने उस समय लिखित आश्वासन भी दिया था कि भविष्य में वनभूमि पर प्रतिमा स्थापित नहीं की जाएगी।

सीएसपी महेंद्र सिंह ने बताया कि वनभूमि से अतिक्रमण हटा दिया गया है और वर्तमान में स्थिति पूरी तरह सामान्य एवं नियंत्रण में है। वहीं, एसपी अवधेश प्रताप सिंह ने भी पुष्टि की कि वन विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के बाद क्षेत्र में शांति बनी हुई है।

Kishan Gupta
Author: Kishan Gupta

journalist

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!