सतना। अर्बन चैलेंज फंड के तहत शहर में प्रस्तावित विकास परियोजनाओं के लिए भूमि चयन की प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस. और नगर निगम आयुक्त डॉ. बी. नागार्जुन गौड़ा ने अधिकारियों के साथ विभिन्न संभावित स्थलों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्रस्तावित परियोजनाओं के लिए उपलब्ध भूमि, पहुंच मार्ग, अधोसंरचना और स्थल की उपयोगिता सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। अर्बन चैलेंज फंड के तहत शहर में स्मार्ट स्ट्रीट, सिटी बस ट्रांजिट स्टेशन के साथ सेमी रेसिडेंशियल एरिया, गीता भवन, व्यावसायिक परिसर और नमो हरित नगर वन विकसित किए जाने का प्रस्ताव है।
कलेक्टर ने परियोजनाओं की आवश्यकताओं के अनुरूप उपयुक्त स्थलों का चयन कर संबंधित प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से तकनीकी एवं विभागीय औपचारिकताएं पूरी करते हुए प्रस्तावित विकास कार्यों की आगामी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त सत्यम मिश्रा, कार्यपालन यंत्री मुकेश चतुर्वेदी एवं के.पी. गुप्ता, सहायक यंत्री आकाश बट्टी एवं मनीष वर्मा, अतिक्रमण अधिकारी दीपक बागरी सहित नगर निगम और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।











