मैहर। मैहर के स्टेट बैंक चौराहे के पास मंगलवार शाम एक दो मंजिला इमारत में बने कपड़ों के गोदाम में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। समय रहते दमकल और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई, जिससे आग पर काबू पा लिया गया और बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

जानकारी के अनुसार, घंटाघर चौराहे के पास स्थित शिव गारमेंट्स के संचालक सुरेश अग्रवाल के दो मंजिला भवन की ऊपरी मंजिल पर कपड़ों का गोदाम बना हुआ था। मंगलवार शाम करीब 4 बजे गोदाम से अचानक धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण इनवर्टर में शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि, आग लगने की वास्तविक वजह का खुलासा जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
गोदाम में बड़ी मात्रा में कपड़े रखे होने के कारण आग तेजी से फैल गई। गोदाम मालिक सुरेश अग्रवाल ने बताया कि इस हादसे में करीब 30 से 40 लाख रुपए का माल जलकर नष्ट हो गया है।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से आसपास के क्षेत्र को खाली कराया गया ताकि आग अन्य दुकानों तक न फैले। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
फिलहाल प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच कर रहा है और नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है।









